ePaper

झारखंड में 24 फरवरी तक छाया रहेगा कुहासा, दिन में छूटेगा पसीना

Updated at : 19 Feb 2026 8:02 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Weather Report

झ्रारखंड में अगले पांच दिनों तक सुबह-सुबह कुहासा छाया रहेगा.

Jharkhand Weather Report: झारखंड में 24 फरवरी तक सुबह कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन में तापमान बढ़ने से गर्मी और उमस महसूस होगी. मौसम विभाग ने कई जिलों में 3-4 डिग्री तापमान वृद्धि की संभावना जताई है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Jharkhand Weather Report: पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने से झारखंड के मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 24 फरवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रहेगा. दिन चढ़ने के साथ आंशिक बादल रहने की संभावना है. हालांकि, पूरे दौर में मौसम शुष्क ही रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी से दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा.

सुबह कुहासा, दोपहर में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से लेकर 24 फरवरी तक सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है. खासकर हाइवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. दोपहर के समय धूप तेज होगी और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. दिन में उमस बढ़ने से लोगों को पसीना भी महसूस हो सकता है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी.

राज्य में तापमान का हाल

तापमान के हालिया आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा. मेदिनीनगर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

गोड्डा में 3-4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद के अनुसार गोड्डा क्षेत्र में आने वाले 48 से 72 घंटों के भीतर दिन और रात दोनों के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को हाइड्रेशन पर ध्यान देने की सलाह दी गयी है.

उत्तर-पूर्वी झारखंड का पांच दिन का पूर्वानुमान

देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. गोड्डा और पाकुड़ में 20 और 21 फरवरी को अधिकतम 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. सुबह कुहासा और दिन में धूप का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा.

उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बढ़ेगी तपिश

कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. चतरा और गढ़वा में 18 और 19 फरवरी को अधिकतम 33 डिग्री तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. सुबह हल्की ठंड और दिन में गर्मी का असर रहेगा.

मध्य झारखंड में सामान्य से अधिक तापमान

बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. बोकारो में 18 से 20 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं खूंटी और गुमला में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे सुबह हल्की सिहरन महसूस होगी.

दक्षिणी और कोल्हान क्षेत्र में गर्मी का असर

पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पश्चिमी सिंहभूम में 20 फरवरी को 35 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिन में धूप तेज और उमस अधिक रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में निकाय चुनाव की तैयारी जोरों पर, पोलिंग पार्टी के लिए 250 गाड़ियों की जरूरत

गाड़ी धीमे चलाएं

विशेषज्ञों ने सुबह के समय कुहासे को देखते हुए वाहन चालकों को धीमी गति से चलने की सलाह दी है. दिन में बढ़ती गर्मी से बचने के लिए छाता, टोपी और पर्याप्त पानी का सेवन जरूरी बताया गया है. बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने और बुजुर्गों व बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में बदल रहा मौसम का मिजाज, सुबह-शाम ठंड और दिन में बढ़ेगी गर्मी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola