गणित-विज्ञान का डर होगा दूर! जामताड़ा में डिजिटल क्लास से सुधरेंगे रिजल्ट

Updated:
विज्ञापन

ब्रीफिंग मे शामिल शिक्षक | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जामताड़ा में डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास अभियान से सुदूर छात्रों को मिलेगी उच्च स्तरीय पढ़ाई, परीक्षा परिणाम में सुधार का लक्ष्य.

विज्ञापन

जामताड़ा. समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न उच्च विद्यालयों के शिक्षकों एवं आइसीटी इंस्ट्रक्टरों को ऑनलाइन शिक्षा एवं कौशल विकास अभियान-2026 को लेकर ब्रीफिंग दी गयी. अभियान का उद्देश्य जिले के शैक्षणिक परिदृश्य को गुणात्मक और सुदृढ़ दिशा प्रदान करना तथा कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा परिणाम में सुधार लाना है.

विज्ञापन

सुदूर क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक पहुंचेगी डिजिटल शिक्षा

डीसी आलोक कुमार ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक डिजिटल माध्यम से सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के बीच उच्च स्तरीय शिक्षा पहुंचाना है. इससे कक्षा 10 एवं 12 का परीक्षा परिणाम बेहतर करने के साथ बच्चों को राज्य स्तर की मेधा सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त करने के योग्य बनाया जा सकेगा.

उन्होंने कहा कि पारंपरिक किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर बच्चों को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए गणित, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान एवं अर्थशास्त्र जैसे करियर ओरिएंटेड विषयों का चयन किया गया है. इससे विद्यार्थी भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ विषयों की अवधारणाओं को भी बेहतर ढंग से समझ सकेंगे.

प्रत्येक विद्यालय में बनाया गया नोडल

डीसी ने बताया कि पूरे अभियान को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गयी है. प्रत्येक विद्यालय स्तर पर नोडल बनाया गया है. ब्रीफिंग के दौरान विषय शिक्षकों एवं आइसीटी इंस्ट्रक्टरों की जवाबदेही, दैनिक समय अवधि, शिक्षक विहीन विद्यालयों के लिए विशेष नियम, आइसीटी लैब एवं प्रोजेक्टर के अनिवार्य उपयोग, पृथक उपस्थिति रजिस्टर के संधारण तथा विस्तृत साप्ताहिक समय सारणी के बारे में जानकारी दी गयी.

रोज तीन घंटे होगी ऑनलाइन पढ़ाई

अभियान के तहत प्रत्येक दिन कुल तीन घंटे की समय अवधि निर्धारित की गयी है. इसे एक-एक घंटे के स्लॉट में बांटा गया है. कक्षा 10 के विज्ञान के तीनों अंगों के लिए अलग-अलग स्लॉट निर्धारित किये गये हैं. वहीं कक्षा 11 एवं 12 के सभी कोर विषयों को पूरे सप्ताह में संतुलित रूप से वितरित किया गया है.

 07 शिक्षिकों को ब्रीफिंग करते डीसी आलोक कुमार, 08 उपस्थित शिक्षक गण | Prabhat Khabar Network
शिक्षिकों को ब्रीफिंग करते डीसी आलोक कुमार| Prabhat Khabar Network

मॉनिटरिंग में लापरवाही पर होगी जवाबदेही

डीसी ने सभी शिक्षकों एवं आइसीटी इंस्ट्रक्टरों से अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम की गहनता से मॉनिटरिंग की जायेगी. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिये. इसके लिए सभी की जवाबदेही तय की गयी है.

मौके पर डीइओ चार्ल्स हेंब्रम, डीएसइ विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola