सिलिंडर के नखरे बंद, जेब में बचेंगे ₹2700, जानिए कैसे बचा सकते हैं रसोई गैस
प्रतीकात्मक तस्वीर.
रसोई गैस सिलिंडर की चिंता अब छोड़िए! खाना पकाने के कुछ आसान तरीके अपनाकर आप हर साल ₹1800 से ₹2700 तक बचा सकते हैं. ये छोटी-छोटी आदतें न सिर्फ आपके पैसे बचाएंगी, बल्कि सिलिंडर भी लंबा चलेगा.
जमशेदपुर : जरा सोचिए, रसोई गैस कोई ऐसी चीज तो है नहीं, जो खत्म होने पर पड़ोसी आकर कह दे - अरे, कटोरी में थोड़ी गैस ले जाइयए. जब सिलिंडर ऐन वक्त पर दगा देता है, तब समझ आता है कि आंच सिर्फ चूल्हे पर नहीं, सीधे दिल पर लगती है.
चूल्हे पर गीले बर्तन सुखाने की परंपरा बंद करें
अगर सिलिंडर को लंबा चलाना है, तो गैस जलाने के बाद प्याज-टमाटर ढूंढ़ने की ‘ट्रेन में चढ़कर टिकट काटने’ वाली आदत छोड़िये. सब्जियां पहले काट लें, मसाले सजा लें और गीले बर्तन चूल्हे पर सुखाने की परंपरा बंद करें. फ्रीज की बर्फीली सब्जी को सीधे कढ़ाई में पटकने के बजाय 30 मिनट बाहर हवा खाने दें. वरना बेचारी गैस पहले बर्फ पिघलायेगी, फिर पकायेगी.
खाना हमेशा ढककर पकाएं
खाना हमेशा ढककर पकाएं और सख्त चीजों के लिए प्रेशर कुकर से पक्की दोस्ती कर लें. बर्तन से बाहर निकलती ऊंची लपटें खाने को जल्दी नहीं पकातीं, बस पैसों को हवा में उड़ाती हैं. उबाल आते ही आंच धीमी करें और बर्नर के हिसाब से सही बर्तन चुनें - छोटे बर्नर पर विशाल पतीला रखना यानी हाथी को साइकिल पर बैठाना.अगर लौ पीली या लाल हो, तो समझो बर्नर चीख रहा है - ‘सफाई कर दो, दम घुट रहा है’ दाल-राजमा को सीधे कुकर में झोंकने के बजाय घंटाभर पानी में डुबकी लगवा दें, वे आधे समय में पक जायेंगे.
इन छोटी बातों को जरूर अपनाएं
इन छोटी-छोटी बातों को अपनाकर आप साल में 2 से 3 सिलिंडर आराम से बचा लेंगे. इससे आपके ₹1,800 से ₹2,700 रुपये की सीधी नगद बचत होगी. सिलिंडर के नखरे कम होंगे और जेब भरी रहेगी, तो चेहरे पर मुस्कुराहट अपने आप आ जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









