रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात

Author Nikhil Sinha|Edited by Bhumi Sharma
Updated:
विज्ञापन
रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात

जमशेदपुर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, ट्रैफिक के लिए नई गाइडलाइन जारी.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

शहर में 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा खाका तैयार किया है. इसको लेकर 200 अतिरिक्त पुलिस बलों को पूरे शहर में तैनात किया गया है. इसके अलावे आरएपी की एक कंपनी बल को रिर्जव रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें फौरन मौके पर भेजा जा सके. रथ यात्रा के आयोजन के एक दिन पूर्व एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रथ यात्रा को सुगम और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये हैं. एसएसपी ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

संवेदनशील क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों पर विशेष नजर

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की है. इसके अलावा सभी थाना को 10-10 अतिरिक्त बल दिया गया है. रथ यात्रा के दौरान काफी संख्या में भीड़ उमड़ती है. ऐसे में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से पूरे रथ यात्रा मार्ग की निगरानी की जायेगी. सीसीआर से भी भीड़ पर नजर रखी जायेगी. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को भी तैनात रखा गया है.

पुलिस के साथ समिति के वॉलंटियर भी रहेंगे तैनात

एसएसपी ने बताया कि रथ यात्रा समितियों को गाइडलाइन की पूरी जानकारी दे दी गयी है. पुलिस ने समितियों से भी अपील की है कि वे अपने स्तर पर भी वॉलिटियर्स तैनात करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या नियंत्रण कक्ष को दें.

महिला सुरक्षा और उचक्कों पर विशेष ध्यान

भीड़ का फायदा उठाने वाले उचक्कों पर विशेष नजर रखने के लिए विशेष स्क्वाड भीड़ में तैनात रहेंगे. रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है. सादे लिबास में महिला व पुरुष जवान भीड़ के बीच तैनात रहेंगे, जो मनचलों पर कड़ी नजर रखेंगे. भीड़ में सक्रिय होने वाले पॉकेटमारों, उचक्कों और मोबाइल चोरों को लेकर पुलिस ने विशेष अलर्ट जारी किया है.

एंबुलेंस के लिए विशेष मार्ग

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है कि आपातकालीन सेवाओं और एंबुलेंस के आवागमन के लिए वैकल्पिक एवं सुगम मार्ग की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करें. रथ यात्रा के मार्ग पर आम जनता और श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने नयी गाइडलाइन और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है. इसको लेकर 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे से लेकर रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह से रोक रहेगी. रथ यात्रा के दौरान पुलिस ने कई मार्ग को डायवर्ट भी किया है.


विज्ञापन
Nikhil Sinha

लेखक के बारे में

By Nikhil Sinha

Add image

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola