Jamshedpur News : काम न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करे मानगो निगम : सरयू राय

Jamshedpur News : विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहद लचर बताते हुए काम न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है.
मानगो में विधायक ने दो घंटे तक किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, लचर व्यवस्था पर ठेकेदारों पर भड़के
Jamshedpur News :
विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहद लचर बताते हुए काम न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है. शनिवार सुबह उन्होंने करीब दो घंटे तक मानगो के डिमना रोड, दाईगुट्टू और कुंवर बस्ती सहित कई इलाकों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सफाई ठेकेदार निविदा शर्तों के अनुसार आवश्यक संख्या में सफाई कर्मियों की आपूर्ति नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण मोहल्लों में नियमित और प्रभावी सफाई नहीं हो पा रही है.विधायक ने बताया कि कई स्थानों पर जहां 35 सफाई कर्मियों की तैनाती होनी थी, वहां मात्र 20 कर्मी मिले. इसी तरह जिन इलाकों में 40 सफाई कर्मियों की जरूरत थी, वहां 25 की संख्या भी पूरी नहीं थी. निरीक्षण के समय मानगो नगर निगम के सफाई निरीक्षक और संबंधित ठेकेदारों के सुपरवाइजर भी मौजूद थे.
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि सफाई कर्मियों के पीएफ और इएसआइ भुगतान में अनियमितता बरती जा रही है. कुछ कर्मियों को बैंक खाते के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है, जबकि अधिकांश सफाई कर्मियों ने बताया कि उन्हें अब भी नकद मजदूरी दी जाती है. यह निविदा शर्तों का खुला उल्लंघन है.विधायक ने जब सफाई निरीक्षकों से इस संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजते हैं, लेकिन उस पर क्या कार्रवाई होती है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती. सरयू राय ने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के कारण ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं, जिससे न केवल जनता के अधिकारों से समझौता हो रहा है, बल्कि नगर निगम के फंड का भी दुरुपयोग हो रहा है. उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले को लेकर मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से बात करेंगे और यह सुनिश्चित करायेंगे कि निविदा शर्तों का सख्ती से पालन हो. निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




