15 अगस्त को गोपाल मैदान में तिरंगा फहरायेंगे डीसी, पुलिस लाइन में परेड रिहर्सल की हुई शुरुआत
रिहर्सल करते पुलिस कर्मी
जमशेदपुर में स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं. गोलमुरी पुलिस लाइन में परेड का अभ्यास शुरू हो गया है, जो 13 अगस्त तक चलेगा. 15 अगस्त को गोपाल मैदान में भव्य आयोजन होगा, जिसमें उपायुक्त ध्वजारोहण करेंगे.
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को गोलमुरी पुलिस लाइन में परेड के पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) की औपचारिक शुरुआत हुई. पहले दिन 10 अगस्त को पुलिस लाइन में अभ्यास के बाद 11 से 13 अगस्त तक के सभी पूर्वाभ्यास बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित किये जायेंगे.
13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ इस अभ्यास का समापन होगा. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त की सुबह 09:05 बजे उपायुक्त राजीव रंजन ऐतिहासिक गोपाल मैदान में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे. परेड में रैपिड एक्शन फोर्स (आएएफ ), जिला आर्म्स पुलिस ( महिला व पुरुष), झारखंड होमगार्ड, नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी महिला व पुरुष), भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ ) की टुकड़ियां कदमताल किया.
सांस्कृतिक संध्या, फ्रेंडली मैच और सम्मान समारोह
स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान: 14 अगस्त को प्रशासनिक अधिकारी स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों के आवास पर जाकर उन्हें शॉल और मिष्ठान्न भेंटकर सम्मानित करेंगे. साथ ही शहर में वीर शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया जायेगा.
सांस्कृतिक कार्यक्रम: 14 अगस्त की पूर्व संध्या पर सिदगोड़ा टाउन हॉल में विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों की ओर से देशभक्ति सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेगी.
प्रभात फेरी व फुटबॉल मैच: 15 अगस्त की सुबह स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जायेगी. इसके अलावा, जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन और प्रेस प्रतिनिधियों के बीच एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच का आयोजन होगा.
स्वतंत्रता दिवस की महत्ता और शांति-व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने 15 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम जिले में ड्राई डे घोषित किया है.
जिला स्तरीय समारोहों का मुख्य केंद्र रहा है गोपाल मैदान
आजादी के जश्न का ऐतिहासिक गवाह बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान (जिसे पूर्व में 'रीगल मैदान' या 'आजाद मैदान' भी कहा जाता था) का जमशेदपुर में राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन से दशक पुराना ऐतिहासिक नाता रहा है. आजादी के बाद से ही यह मैदान स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मुख्य जिला स्तरीय समारोहों का केंद्र रहा है और शहर की लोकतांत्रिक पहचान का मुख्य प्रतीक माना जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अशोक झा
अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










