विधानसभा घेराव को लेकर जमशेदपुर सील, सीमाओं पर बसों-गाड़ियों की चल रही चेकिंग

Updated:
विज्ञापन

गाड़ियों की चेकिंग करती पुलिस

झारखंड विधानसभा घेराव और छात्र आंदोलन के ऐलान के चलते जमशेदपुर में पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है. प्रदर्शनकारियों को राजधानी तक पहुँचने से रोकने के लिए शहर भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सोनारी स्थित मरीन ड्राइव पर सुबह से ही पुलिस बल तैनात है और वाहनों की बारीकी से जांच की जा रही है.

विज्ञापन

जमशेदपुर: जेपीएससी और जेसीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं व धांधली के विरोध में छात्र संगठनों की ओर से आज (10 अगस्त) को आहूत रांची विधानसभा घेराव आंदोलन का व्यापक असर लौहनगरी जमशेदपुर में भी देखने को मिल रहा है. जमशेदपुर से भारी तादाद में छात्रों के राजधानी रांची पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. जमशेदपुर से रांची की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों और बस स्टैंडों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों की सघन जांच की जांच रही है. हालांकि आम यात्रियों वाली बस भी रोकने , वाहनों की जांच करने मामले में प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया.

मेरिन ड्राइव, काली मंदिर और जेपी सेतु पर चेकिंग अभियान

प्रशासन की मंशा है कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों से रांची जाने वाले प्रदर्शनकारी छात्रों की संख्या को सीमित किया जा सके. इसके लिए सोनारी मेरिन ड्राइव, काली मंदिर पारडीह सहित अन्य प्रमुख चेक पोस्टों पर विशेष घेराबंदी की गयी है. रांची की ओर से जाने वाले मार्गों से गुजरने वाली यात्री बसों और निजी चार पहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है. संदिग्ध पाये जाने वाले युवाओं और छात्रों से पूछताछ की जा रही है कि वे किस प्रयोजन से यात्रा कर रहे हैं, ताकि छात्रों के जत्थे को रांची पहुंचने या वहां एकजुट होने से रोका जा सके.

क्या हैं आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगें

छात्र संगठनों का यह आंदोलन मुख्य रूप से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और न्याय की मांग को लेकर केंद्रित है.

जेपीएससी और जेसीएससी परीक्षा हो रद्द: छात्रों का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक तथा गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं. जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गये हैं.

निष्पक्ष जांच की मांग: आंदोलनकारी चाहते हैं कि पूरे धांधली प्रकरण की सीबीआइ जांच करायी जाये. विवादित परीक्षाओं को तुरंत रद्द कर नये सिरे से पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित की जाये.

अब तक के आंदोलन का घटनाक्रम

परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के आरोपों के बाद राज्यभर के अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया और छात्र आंदोलन के लिए लामबंद हो गये. इसके बाद जमशेदपुर समेत राज्य के विभिन्न जिलों से छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया.

अब छात्रों ने सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर खींचने के लिए 10 अगस्त को पुरानी विधानसभा, जगन्नाथपुर से नयी विधानसभा तक मार्च निकालकर घेराव करने का ऐलान किया है. इसे देखते हुए पूरे राज्य के साथ जमशेदपुर में भी प्रशासनिक सख्ती बढ़ा दी गयी है.


विज्ञापन
भूमि शर्मा

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola