jamshedpur news : एसआइआर को लेकर झामुमो ने कसी कमर, बीएलए-2 को हर वोटर तक पहुंचने का दिया टास्क

Published by : AKHILESH KUMAR Updated At : 04 Jun 2026 1:33 AM

विज्ञापन

जमशेदपुर (फाइल फोटो)

सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में बूथ लेवल एजेंटों को दिया गया प्रशिक्षण

विज्ञापन

jamshedpur news : निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है. राज्य में यह प्रक्रिया 20 जून से शुरू होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्तूबर 2026 को किया जायेगा. इसे लेकर झामुमो ने भी अपनी कमरकस तैयारी शुरू कर दी है. इसी क्रम में बुधवार को झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने पार्टी द्वारा नामित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया.

सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एजेंटों को एसआइआर प्रक्रिया के दौरान सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया. उन्हें बताया गया कि अपने-अपने बूथ क्षेत्र में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे, इसकी जिम्मेदारी उनकी होगी. साथ ही जिन लोगों का नाम किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं है, उनसे संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जुटाने और उन्हें बीएलओ तक पहुंचाने को कहा गया.

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. इस दौरान बीएलए-2 को बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और लोगों को पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी. कार्यक्रम का संचालन झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया. कार्यक्रम में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन सहित पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी, जिला समिति के सदस्य, प्रखंड एवं नगर समिति के प्रतिनिधि, पंचायत स्तरीय पदाधिकारी, बूथ प्रभारी और बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे.

बूथ लेबल एजेंट प्रहरी बनकर विरोधी दल के मंसूबों को नाकाम करें : विनोद पांडेय

प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय उपस्थित थे. उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पूरी सक्रियता से काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बाहर रोजगार के लिये गये मतदाताओं तक भी सूचना पहुंचायी जाये, ताकि वे आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करा सकें. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआइआर के बहाने लोगों के नाम को वोटर लिस्ट से काटने का हरसंभव प्रयास करेगी. नाम कटने से गरीब लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं से वंचित हो जायेंगे. लेकिन, झामुमो के पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रहरी बनकर विरोधी दल के मंसूबों को नाकाम करना है.

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola