Jamshedpur News : गुरुग्राम हादसा : रक्षा राज्य मंत्री ने पीड़ित परिवारों को सौंपे 20-20 लाख रुपये के चेक
Edited by RAJESH SINGH
Updated:
विज्ञापन
Jamshedpur News : गुरुग्राम हादसे में जान गंवाने वाले जमशेदपुर, ईचागढ़ और राजस्थान के श्रमिकों के आश्रितों को गुरुवार को मुआवजा राशि प्रदान की गयी.
विज्ञापन
– प्रभावित परिवारों के एक-एक सदस्य को जॉब ऑफर लेटर भी सौंपा गया
– सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को एंबुलेंस से ईचागढ़ व जमशेदपुर भेजा गया
Jamshedpur News :
गुरुग्राम हादसे में जान गंवाने वाले जमशेदपुर, ईचागढ़ और राजस्थान के श्रमिकों के आश्रितों को गुरुवार को मुआवजा राशि प्रदान की गयी. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने खुद उपस्थित होकर प्रत्येक प्रभावित परिवार को 20-20 लाख रुपये का चेक और 20-20 हजार रुपये की नकद राशि सौंपी. मुआवजा राशि के साथ-साथ संबंधित कंपनी के अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के एक-एक सदस्य को जॉब ऑफर लेटर भी सौंपा है. संजय सेठ ने सबसे पहले सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव (ईचागढ़ और जमशेदपुर) भेजने की व्यवस्था करायी. सभी शवों को एंबुलेंस से रवाना किया गया. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है. चेक वितरण के दौरान गुरुग्राम के जिलाधिकारी अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, एसडीओ दर्शन यादव और सहायक श्रमायुक्त अनिल शर्मा समेत जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे.हरियाणा सरकार देगी 19-19 लाख का अतिरिक्त मुआवजा
संजय सेठ ने बताया कि कंपनी द्वारा दिये गये मुआवजे के अतिरिक्त हरियाणा सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत इन परिवारों को 19-19 लाख रुपये की सहायता राशि और दी जानी है. इसके लिए कुछ कागजी प्रक्रियाएं शेष हैं. उन्होंने जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्तों को निर्देशित किया है कि वे गुरुग्राम जिला प्रशासन के निरंतर संपर्क में रहें. उन्होंने जोर दिया कि कागजी कार्रवाई में तेजी लायी जाये, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द पूरी मुआवजा राशि मिल सके.हरियाणा के सीएम के प्रति जताया आभार
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्देश पर ही जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता सफल हुई. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार मामले की जानकारी लेते रहे और प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता दिखायी.श्रम विभाग की टीम पहुंची बोनगोड़ा, मुआवजे के लिए जुटाये जरूरी कागजात
जादूगोड़ा.
गुरुग्राम में हुए हादसे में जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के बोनगोड़ा टोला के चार मजदूरों की मौत के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. गुरुवार को दूसरे दिन भी श्रम विभाग की टीम बोनगोड़ा गांव पहुंची और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की. पोटका अंचलाधिकारी निकिता बाला के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी संजय महतो और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रोहित उरांव गांव पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों से मिलकर हादसे से संबंधित जानकारी ली और सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवजे के लिए आवश्यक दस्तावेज जुटाये.अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से मिलने वाली सभी सुविधाएं और मुआवजा राशि नियमानुसार उपलब्ध करायी जायेगी. घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










