किचन टिप्स: इलेक्ट्रिक केटल के अंदर जम गई है सफेद परत? मिनटों में ऐसे करें साफ
इलेक्ट्रिक केटल, Ai Image
How To Clean Electric Kettle: अगर आप हॉस्टल में रहते हैं या घर से दूर पढ़ाई करते हैं, तो इलेक्ट्रिक केटल आपकी रोज की जरूरत होगी. लेकिन अगर इसे समय-समय पर साफ नहीं किया जाए, तो इसके अंदर गंदगी और सफेद परत जमने लगती है. आइए जानते हैं केटल को साफ रखने के सबसे आसान तरीके.
How To Clean Electric Kettle: आजकल पढ़ाई या नौकरी के लिए घर से दूर रहने वाले ज्यादातर स्टूडेंट्स अपने कमरे या हॉस्टल में इलेक्ट्रिक केटल जरूर रखते हैं. इसमें चाय, कॉफी, मैगी, ओट्स या गर्म पानी आसानी से तैयार हो जाता है. लेकिन लगातार इस्तेमाल करने के बाद इसके अंदर सफेद परत, गंदगी और बदबू जमा होने लगती है. अगर समय पर इसे साफ न किया जाए, तो पानी का स्वाद भी बदल सकता है और केटल जल्दी खराब भी हो सकती है. अच्छी बात यह है कि इसे साफ करने के लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं पड़ती. घर में मौजूद कुछ चीजों से ही केटल आसानी से साफ हो सकती है.
सिरका और पानी से करें साफ
अगर केटल के अंदर सफेद परत जम गई है, तो आधा पानी और आधा सफेद सिरका डाल दें. अब इसे एक बार उबाल लें और करीब एक घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें. इसके बाद पानी फेंक दें और साफ पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें.
बेकिंग सोडा भी करेगा कमाल
एक गिलास पानी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर केटल में डालें. इसे उबाल लें और करीब 30 मिनट तक रहने दें. फिर पानी निकाल दें और साफ पानी से धो लें. इससे अंदर जमी गंदगी आसानी से निकल जाती है.
नींबू से भी होगी अच्छी सफाई
अगर सिरका नहीं है, तो नींबू का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक नींबू के टुकड़े करके केटल में डालें और पानी भरकर उबाल लें. करीब एक घंटे बाद पानी फेंक दें और केटल को साफ पानी से धो लें. इससे केटल साफ होने के साथ ताजगी भी बनी रहती है.
हर इस्तेमाल के बाद हल्की सफाई करें
केटल का इस्तेमाल करने के बाद उसे खाली कर दें. फिर मुलायम स्पंज या ब्रश से अंदर की हल्की सफाई कर लें. इससे गंदगी जमा नहीं होगी और केटल लंबे समय तक अच्छी रहेगी.
डिशवॉश लिक्विड से बाहर का हिस्सा साफ करें
अगर केटल बाहर से गंदी हो गई है, तो हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा डिशवॉश लिक्विड मिलाएं. मुलायम स्पंज से बाहर का हिस्सा साफ करें और फिर सूखे कपड़े से पोंछ दें. ध्यान रखें कि केटल के बिजली वाले हिस्से में पानी न जाए.
इन छोटी बातों का भी रखें ध्यान
- केटल में लंबे समय तक पानी भरकर न छोड़ें.
- इस्तेमाल के बाद हमेशा पानी खाली कर दें.
- केटल को पूरी तरह सूखने के बाद ही रखें.
- स्टील वाले स्क्रबर से सफाई न करें, इससे अंदर की सतह खराब हो सकती है.
- हफ्ते में कम से कम एक बार अच्छी तरह सफाई जरूर करें.
यह भी पढ़ें: किचन टिप्स: पूड़ी-पकौड़े बनाने के बाद बचा तेल दोबारा इस्तेमाल करते हैं? जान लें इसके बड़े नुकसान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










