Jamshedpur News : भुइयांडीह : हाइवा की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, चार घंटे हुआ हंगामा

Edited by RAJESH SINGH
Updated:
विज्ञापन

Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह लाल भट्ठा में शुक्रवार दोपहर हाइवा की चपेट में आने से 12 वर्षीय राज मुंडिया की मौत हो गयी. घटना दोपहर करीब 3:40 बजे हुई.

विज्ञापन

गुस्साये लोगों ने चालक की पिटाई की, चार लाख मुआवजे पर शांत हुआ मामला

Jamshedpur News :

सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह लाल भट्ठा में शुक्रवार दोपहर हाइवा की चपेट में आने से 12 वर्षीय राज मुंडिया की मौत हो गयी. घटना दोपहर करीब 3:40 बजे हुई. हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने हाइवा चालक मुन्ना कुमार की पिटाई कर दी और सड़क जाम कर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया. नाराज लोग हाइवा मालिक को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे. सूचना पर पहुंची सिदगोड़ा पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर थाना पहुंचाया. स्थिति नियंत्रित करने के लिए सीतारामडेरा थाना पुलिस और क्यूआरटी को भी बुलानी पड़ी. करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनी की ओर से चार लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी, जिसके बाद मामला शांत हुआ.

हादसे को लेकर दो तरह की बात आ रही सामने

स्थानीय लोगों के अनुसार नदी किनारे कचरा गिराने के लिए आने-जाने वाले भारी वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं और अक्सर बिना ढंके कचरा ले जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. घटना को लेकर दो तरह की बातें सामने आयीं. कुछ लोगों का कहना है कि राज पानी पीकर घर लौट रहा था, तभी हाइवा की चपेट में आ गया. वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा खड़ी थी और कुछ बच्चे उस पर चढ़कर लोहा चुन रहे थे. चालक मुन्ना कुमार कालू भट्ठा का ही रहने वाला है. वह हाइवा खड़ा कर घर गया था. लौटने के क्रम में चालक को देख बच्चे हाइवा से नीचे उतरने लगे. इसी दौरान राज ऊपर से कूद गया, जिससे उसकी जांघ की हड्डी टूट गयी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा हाइवा जब्त कर लिया है.

सुबह घर से निकला था राज, फिर नहीं लौटा : पूजा मुंडिया

राज मुंडिया की मौत की खबर मिलने पर उसकी मां पूजा मुंडिया समेत परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे. बेटे के शव से लिपटकर मां पूजा मुंडिया रोती बिलखती रहीं. पूजा ने बताया कि राज तीन भाइयों में मंझला था. पिता रामचरण मुंडिया 407 वाहन का चालक हैं. घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. घर में खाने के लिये अनाज भी नहीं है. सुबह करीब आठ बजे बेटा राज मुंडिया घर से निकला था, उसके बाद वापस नहीं लौटा. शाम में हादसे की खबर मिली.

एक लाख रुपये मिला, बाकी राशि 20 मार्च तक देने का आश्वासन

घटना की सूचना पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव भी पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग की. ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता के बाद तत्काल एक लाख रुपये दिये गये, जबकि शेष तीन लाख रुपये 20 मार्च तक देने का आश्वासन दिया गया. पुलिस ने सरकारी मुआवजा दिलाने का भी भरोसा दिया. जिसके बाद मामला शांत हुआ और रात करीब आठ बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola