राजनगर हत्याकांड में दो गिरफ्तार

Updated at : 22 May 2017 3:42 AM (IST)
विज्ञापन
राजनगर हत्याकांड में दो गिरफ्तार

बच्चा चोरी की अफवाह में हत्या के बाद क्षेत्र में पसरा सन्नाटा वाट्सएप व फेसबुक पर अफवाह फैलाने के आरोप में आदित्यपुर से एक हिरासत में जमशेदपुर/राजनगर/सरायकेला : बच्चा चोर की अफवाह में गत राजनगर के शोभापुर व पदनामसाई गांव में चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो ग्रामीणों को गिरफ्तार कर […]

विज्ञापन

बच्चा चोरी की अफवाह में हत्या के बाद क्षेत्र में पसरा सन्नाटा

वाट्सएप व फेसबुक पर अफवाह फैलाने के आरोप में आदित्यपुर से एक हिरासत में
जमशेदपुर/राजनगर/सरायकेला : बच्चा चोर की अफवाह में गत राजनगर के शोभापुर व पदनामसाई गांव में चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जमशेदपुर के बागबेड़ा में हुई तीन युवकों की हत्या के मामले में भी चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वाट्स एप व फेसबुक के जरिये भड़काऊ बातें फैलाने के आरोप में आदित्यपुर से एक व्यक्ति को रविवार रात हिरासत में लिया गया है.
राजनगर हत्याकांड में धरनीधर ज्योतिष तथा तुरुप महतो को गिरफ्तार किया गया है. इन पर चार लोगों की हत्या के साथ-साथ पुलिस पर हमला करने का आरोप है. मामले को लेकर राजनगर थाना में 21 नामजद व 300 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. सरायकेला एसपी राकेश बंसल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि राजनगर की घटना बच्चा चोरी की अफवाह से ही जुड़ी है, पशु तस्करी से इसका कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि पूछताछ में कुछ और लोगों के नाम सामने आये हैं,
उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जायेगा. बागबेड़ा हत्याकांड में पुलिस ने बबलू पात्रो, गोपाल टुडू, पेंटर सरदार अौर अशोक पात्रो को गिरफ्तार किया है. इन लोगों पर तीन लोगों की हत्या तथा एक वृद्ध महिला पर जानलेवा हमला और रुपये व जेवर लूटने का आरोप लगाया है. तीनों गांवों के पुरुष बाहर: घटना के चार दिन बाद भी राजनगर के शोभापुर, पदनामसाई और कमलपुर गांव में सन्नाटा पसरा है.
गिरफ्तारी के भय से घरों से फरार पुरुष सदस्य रविवार को नहीं लौटे थे. घरों मेें मौजूद महिलाओं के बीच खाने-पीने का संकट देखते हुए बीडीओ ने शोभापुर गांव पहुंचकर राशन वितरण करवाया. गांव में अब भी दंडाधिकारी के साथ फोर्स तैनात है.
बच्चा चोर के संदेह में लोगों ने दो को पकड़ा
इधर चक्रधरपुर के बनालता गांव में बच्चा चोर के अफवाह में एक संदिग्ध युवक को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंपा है. वहां चार युवक मां के इलाज के नाम पर आर्थिक मदद मांगते हुए संदेह के घेरे में आ गये. तीन फरार हो गये, जबकि एक पकड़ा गया. दूसरी तरफ आदित्यपुर के बेल्डीह बस्ती के लोगों ने रविवार शाम बच्चा चोर के संदेह में करीब 40 साल के एक व्यक्ति को पकड़ लिया. पूछताछ के क्रम में आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटायी भी कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस उसे उठाकर ले गयी.
बंद रहे बाजार : बच्चा चोर की अफवाह में हुई हत्यायों के विरोध में रविवार को जगन्नाथपुर, जैंतगढ़ तथा जैंतगढ़ में सभी समुदाय के लोगों ने बाजार बंद रखे.
जमशेदपुर के धातकीडीह व मानगो में शांति, फोर्स तैनात
जमशेदपुर के धातकीडीह व मानगो में शनिवार को हुई हिंसा, पथराव के बाद रविवार शांति रही. धातकीडीह, मानगो अौर डिमना रोड की दुकानें खुली रहीं. वाहनों का परिचालन सामान्य रहा. मानगो में भीड़ कम दिखी.
मानगो हनुमान मंदिर, मुंशी मोहल्ला चौक, आजाद नगर रोड नंबर 2, जवाहर नगर रोड नंबर 8 के समीप, धातकीडीह समेत अन्य मुख्य स्थानों पर आइआरबी, जैप के जवानों को तैनात कर रखा गया है. पुलिस दोषियों को पकड़ने के लिए छापामारी कर रही है. मंत्री सरयू राय ने मानगो क्षेत्र का दौरा किया अौर तीन स्थानों पर स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर मामले की जानकारी ली.
धातकीडीह में मेन रोड पर सभी दुकानें आम दिनों की तरफ खुली रही. धातकीडीह बाजार, जेएच तारापोर स्कूल और धातकीडीह मैदान के पास पुलिस फोर्स तैनात रही. डीएसपी सुधीर कुमार ने दिन में जाकर धातकीडीह में सभी बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
मामले की जानकारी लेने एडीजी अनुराग गुप्ता पहुंचे. आइजी आशीष बत्रा, जैप डीआइजी सुधीर कुमार झा, कोल्हान डीआइजी प्रभात कुमार ने अधिकारियों के साथ की बैठक की. एडीजी गुप्ता रांची लौट गये हैं तथा अन्य पदाधिकारी जमशेदपुर में कैंप किये हुए हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola