अमित शाह कोलकाता में खोलेंगे ममता बनर्जी सरकार की ‘चार्जशीट’, ये है भाजपा का मेगा चुनावी मास्टरप्लान
Amit Shah Chargesheet Tmc Bengal Election 2026
Amit Shah Chargesheet TMC: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले अमित शाह कोलकाता में ममता सरकार के खिलाफ भाजपा की ‘चार्जशीट’ (अभियोगनामा) पेश करेंगे. भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज और महिला सुरक्षा सहित 14 क्षेत्रों की विफलताओं पर होगा प्रहार.
Amit Shah Chargesheet TMC: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधानसभा चुनाव 2026 से पहले शनिवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोलकाता में भाजपा के आरोपों का संकलन यानी चार्जशीट पेश करेंगे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी.
भाजपा के अभियोगनामा में क्या?
‘अभियोगनामा’ नामक इस दस्तावेज में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 15 साल के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और कुशासन के कथित मामलों का संकलन किया गया है. भाजपा नेता ने कहा कि अभियोगनामा में तृणमूल सरकार की 14 क्षेत्रों में कथित ‘विफलताओं’ को उजागर किया जायेगा.
सिंडिकेट राज का भी मुद्दा उठायेंगे अमित शाह
उन्होंने कहा कि अमित शाह की ओर से पेश की जाने वाली चार्जशीट में प्रशासन में भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था का चरमराना, महिलाओं की सुरक्षा संबंधी चिंताएं, सिंडिकेट राज का बोलबाला और स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में संकट से संबंधित आरोप अभियोगनामा में प्रमुखता से शामिल होने की संभावना है.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
तृणमूल की कमियों को उजागर करेगा अभियोगनामा
भाजपा नेता ने बताया कि पार्टी अभियोगनामा का इस्तेमाल तृणमूल कांग्रेस की कथित कमियों को उजागर करने और उसके बाद अपने संकल्प पत्र में विकल्प प्रस्तुत करने की योजना बना रही है, जिसे अप्रैल के पहले सप्ताह में जारी किये जाने की संभावना है.
चार्जशीट की खास बातें
- प्रशासन में भ्रष्टाचार : सरकारी तंत्र में फैले कथित भ्रष्टाचार की पोल खोलना.
- कानून-व्यवस्था : राज्य में चरमराई सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा.
- महिला सुरक्षा : हाल की घटनाओं (जैसे आरजी कर कांड) के मद्देनजर महिलाओं की असुरक्षा.
- सिंडिकेट राज : निर्माण और व्यापार क्षेत्रों में स्थानीय सिंडिकेट का प्रभाव.
- शिक्षा और स्वास्थ्य संकट : भर्ती घोटाले और अस्पतालों की जर्जर स्थिति.
2 माह में अमित शाह ने बंगाल के कई दौरे किये
अमित शाह ने 2 महीनों में पश्चिम बंगाल के कई दौरे किये हैं. इसमें उन्होंने पार्टी के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने और चुनावी रणनीतियों को बेहतर बनाने के लिए संगठनात्मक बैठकों, रैलियों और परिवर्तन यात्रा सहित जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया है.
यह अभियोगनामा केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि बंगाल की जनता का दर्द है, जो उन्होंने पिछले 15 वर्षों में सहा है. हम 14 क्षेत्रों में ममता सरकार की विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे और बतायेंगे कि बंगाल को फिर से ‘सोनार बांग्ला’ बनाने के लिए भाजपा क्यों जरूरी है.
वरिष्ठ भाजपा नेता, पश्चिम बंगाल
2 चरणों में होंगे बंगाल विधानसभा के चुनाव
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरण में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा और चार मई को मतगणना होगी.
इसे भी पढ़ें
दिलीप घोष बोले- 4 मई के बाद सब बदल जायेगा, यूपी स्टाइल में होगा माफिया का एनकाउंटर
TMC का BJP को चैलेंज- अभिषेक बनर्जी को डरा नहीं पाये, अब शुभेंदु-हिमंता की जांच कराओ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









