बलियंद के सरकारी जमीन पर अवैध चहारदीवारी को अंचलाधिकारी ने किया ध्वस्त, किया अतिक्रमण मुक्त
Published by : VIKASH NATH Updated At : 13 Mar 2026 8:34 PM
कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है.
प्रतिनिधि कटकमसांडी कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. हाल ही में अंचलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बलियंद स्थित राजकीयकृत उर्दू प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर बनायी गयी अवैध चहारदीवारी को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया. यह वही जमीन है जिसे ग्रामीणों के पूर्वजों ने शिक्षा के उद्देश्य से दान दी थी और जिस पर वर्षों से विद्यालय संचालित हो रहा है. ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने हस्तक्षेप की मांग की थी ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने हजारीबाग के उपायुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी. उनका कहना है कि कुछ भूमि कारोबारियों द्वारा इस जमीन को बेचने की साजिश रची जा रही थी. समिति ने स्पष्ट किया कि यह जमीन पूरी तरह विद्यालय की संपत्ति है और इसका उपयोग केवल शैक्षणिक गतिविधियों के लिए होना चाहिए. यदि इस पर अवैध कब्जा या बिक्री होती है, तो बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय का भविष्य प्रभावित होगा. सरकारी जमीन पर कब्जा करनेवालों को बख्शा नहीं जायेगा : सीओ प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अवैध निर्माण को हटवा दिया. जिन लोगों पर कब्जे का आरोप लगाया जा रहा है, उनका दावा है कि जमीन का बंदोबस्ती उनके नाम से किया गया है और उन्होंने किसी तरह का अवैध कब्जा नहीं किया है. इस पर अंचलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को अब बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कहा कि जो लोग स्वेच्छा से जमीन खाली नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. बलियंद में कार्रवाई के बाद प्रशासन ने घोषणा की है कि 14 मार्च को बरगड़ा और फिर रामनवमी के बाद कटकमसांडी बाजार टांड को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया जायेगा. यह कदम न केवल शिक्षा के लिए दान की गई जमीन की रक्षा करता है, बल्कि यह भी संदेश देता है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










