चेकडैम में डूबने से छात्रा की मौत

नहाने के क्रम में हुई घटना, चार सहेलियों के साथ गयी थी
चौपारण. बहेरा के टोला महाडंडे मुहल्ला निवासी राखी कुमारी (12 वर्ष, पिता चंद्रदेव भुइयां) की मौत गुरुवार को गांव के शिबाला चेकडैम में डूबने से हो गयी. वह चार सहेलियों के साथ चेकडैम में स्नान करने गयी थी. स्नान के क्रम में वह गहरे पानी में चली गयी व डूबने लगी. उसे डूबता देख सहेलियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. जब तक गांववाले चेकडैम पहुंचे, तब तक वह पानी में डूब चुकी थी. राखी प्राथमिक विद्यालय बहेरा में चौथी कक्षा की छात्रा थी. पांच बहनों में राखी दूसरे नंबर पर थी. घटना की सूचना पाते ही थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी एवं सीओ संजय यादव चयकला के गोताखोरों के साथ चेकडैम पहुंचे.
पानी में 22 फीट नीचे दबा हुआ था शव :
गोताखोरों के लगातार प्रयास के चार घंटे बाद छात्रा का शव बाहर निकाला जा सका. गोताखोर टीम के लीडर लाला बाबू ने बताया कि शव 22 फीट गहरे पानी के नीचे दबा हुआ था. जिसे निकाल पाना मुश्किल था. बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका. लोगों ने चयकला के गोताखोरों की सराहना की. कहा इन गोताखोरों ने पूर्व में भी कई ऐसी घटना के बाद गहरे पानी से शव को बाहर निकाला है.मृतक के परिजन को मिलेगा मुआवजा :
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ संजय यादव ने बताया मृतक के आश्रितों को आपदा प्रबंधन से मुआवजा की राशि मिलेगी. इसके लिए नियम संगत प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




