एनएसयूआइ की बेमियादी भूख हड़ताल शुरू

विभावि में सात वर्षों से लंबित छात्र संघ चुनाव सहित 21 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन
हजारीबाग. विनोबा भावे विश्वविद्यालय में सात वर्षों से लंबित छात्र संघ चुनाव सहित 21 सूत्री मांगों को लेकर एनएसयूआइ ने सोमवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की. एनएसयूआइ हजारीबाग इकाई के जिला अध्यक्ष अभिषेक राज कुशवाहा के नेतृत्व में शुरू हुई इस भूख हड़ताल में छात्र संघ चुनाव की अविलंब घोषणा, अनियमित सत्र में सुधार, बंद ब्वॉयज हॉस्टल को पुनः चालू करने, शिक्षकों की कमी दूर करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं. छात्रों ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित करने, शोधार्थियों के कथित प्रशासनिक शोषण पर रोक लगाने, बंद जिम और खेल गतिविधियों को पुनः प्रारंभ करने, खेल निदेशक को हटाने, कैंटीन व्यवस्था सुधारने, सेल्फ फाइनेंस विभागों में शिक्षकों की नियुक्ति, प्लेसमेंट सेल को क्रियान्वित करने और सुरक्षा एजेंसी को हटाने की मांग उठायी. देर शाम छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष विकास कुमार ने छात्रों से वार्ता कर भूख हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत विफल रही. छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्र संघ चुनाव की घोषणा और सभी 21 मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. भूख हड़ताल में अभिषेक राज के साथ राजेश कुमार बैठे हैं, जबकि अन्य छात्र समर्थन में मौजूद हैं.
छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन : अभिषेक राज
अभिषेक राज कुशवाहा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन लोकतंत्र की पहली सीढ़ी छात्र संघ को ही बाधित कर रहा है. छात्र संघ चुनाव छात्रों के नेतृत्व और राजनीतिक प्रशिक्षण का आधार है. सात वर्षों से चुनाव न होना छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र में मतदान का अधिकार देने वाला तंत्र विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव से वंचित रखता है, जो विरोधाभासी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




