सोशल मीडिया पर मिले घरेलू इलाज ने ली जान
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 17 Jan 2026 10:25 PM
पथरी और पाइल्स की परेशानी में डॉक्टर की जगह सोशल मीडिया पर खोजा घरेलू इलाज
हजारीबाग. सोशल मीडिया से इलाज का सुझाव लेना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ. घटना सदर प्रखंड अंतर्गत मोरांगी पंचायत के तुंबा के सरजू कुमार (35 वर्ष) के साथ हुई. युवक को गंभीर अवस्था में शनिवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. सरजू पिछले कुछ दिनों से पथरी और पाइल्स से परेशान था. उसने चिकित्सीय सलाह के स्थान पर घरेलू नुस्खा सोशल मीडिया पर सर्च किया. जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर कनेर का पत्ता और फूल को पीसकर पीने से बीमारी से निजात मिलने की बात कही थी. सरजू दो दिन पहले एनएच-33 के किनारे लगे कनेर का फूल और पत्ता तोड़कर घर ले आया अौर पत्नी को मिक्सी में पीसने को कहा, लेकिन पत्नी घर के कामों में व्यस्तता के कारण दो दिन तक पत्ता और फूल को नहीं पीस पायी. तब युवक शनिवार की सुबह पत्ता को पीसकर पी गया. इसके बाद उसकी हालत लगातार खराब होने लगी. परिजन उसे इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गये. जहां उसकी मौत हो गयी. वहीं मृतक सरजू के पिता बौना भुइयां 10 दिन से गुम हैं. ऐसे में पुत्र की मौत होने से परिवार के समक्ष बड़ी समस्या उत्पन्न हो गयी है.
क्या कहते हैं चिकित्सक
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सक डॉ क्षितिज आनंद ने कहा कि कनेर जहरीला पौधा है. इसके खाने से व्यक्ति व जानवरों की मौत हो सकती है. लोगों को बीमारी में नुस्खा से ज्यादा चिकित्सीय इलाज पर ध्यान देना चाहिए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










