हजारीबाग के बड़कागांव में गोलीबारी, जेवर दुकान में 25 लाख के गहने की लूट
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 07 Feb 2026 2:57 PM
हजारीबाग के बड़कागांव में लूट के बाद एकत्रित भीड़ (बाएं), गोलीबारी में घायल सुधीर सोनी (बीच में) और मोटरसाइकिल से भागते अपराधियों की सीसीटीवी तस्वीर (दाएं). फोटो: प्रभात खबर
Hazaribagh Crime: झारखंड के हजारीबाग के बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती से इलाके में दहशत फैल गई. प्रभु सोने की दुकान से 25 लाख के जेवर लूटे गए. विरोध करने पर लुटेरों ने फायरिंग की, जिसमें सुधीर सोनी घायल हुए. इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल बना है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
बड़कागांव से संजय सागर की रिपोर्ट
Hazaribagh Crime: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बड़कागांव बाजार स्थित प्रभु सोने की दुकान में घुसकर हथियारबंद लुटेरों ने करीब 25 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए. लूट की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना सुबह करीब 10 बजे की है. जब स्थानीय लोगों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने करीब 5-6 राउंड गोलियां भी चलाईं, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गए. घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया है.
लुटेरों ने चलाई गोलियां
लूट के बाद जब अपराधी दुकान से निकलकर भाग रहे थे, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान कांग्रेस नेता रामसेवक सोनी के भाई सुधीर सोनी के हाथ में गोली लग गई. गोली लगते ही इलाके में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
मोटरसाइकिल से आए थे लुटेरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लुटेरे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद वे उसी मोटरसाइकिल से बड़कागांव की पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए. फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर लीं.
घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
गोली लगने से घायल सुधीर सोनी को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें: झींकपानी में 150 महिलाएं मंईयां सम्मान योजना से वंचित, मंत्री का कार्यालय घेरा
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: एम्बुलेंस में डीजल नहीं, बरवाडीह में तड़पता रहा ब्रेन हेमरेज का मरीज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










