सीएसपी संचालिका से लूट मामले में चार गिरफ्तार
Published by : SUNIL PRASAD Updated At : 16 Sep 2025 10:19 PM
लूटी गयी राशि बरामद, बैंकिंग फ्रॉड और लूट की घटनाओं का पर्दाफाश
हजारीबाग. जिले के कटकमदाग थाना पुलिस ने बैंकिंग फ्रॉड और लूट की घटनाओं का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने विशेष छापामारी अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें लक्ष्मण कुमार पासवान उर्फ राधे, अंकित कुमार, प्रवीण कुमार और सुजीत कुमार गिरि का शामिल है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से 39,500 रुपये नकद, एक देसी कट्टा, तीन मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, कई एटीएम और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किये गये है. यह जानकारी प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अंजनी अंजन ने दी.
उन्होंने बताया कि नौ सितंबर को कटकमदाग थाना क्षेत्र के डामोडीह सीएसपी सेंटर में अपराधियों ने महिला संचालिका से 2.52 लाख रुपये लूट लिये थे. इससे पूर्व जुलाई महीने में इसी गिरोह ने मिल्स एंड मार्क्स कंपनी से 56 हजार रुपये की लूट की थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआइटी का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग फुटेज की जांच कर आरोपियोंं तक पहुंच बनायी और उन्हें दबोच लिया.गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इनके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी घटनाएं शामिल हैं. एसपी ने कहा कि जिले में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सतत अभियान जारी रहेगा. अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा.
पकड़ गये आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पकड़े गये चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. प्रवीण कुमार पर सदर थाना में दो, कटकमसांडी में दो और कटकमदाग थाने में दो मामले दर्ज हैं. आरोपी लक्ष्मण पासवान उर्फ राधे पासवान पर सरायकेला में एक, सीताराम डेरा थाना में तीन, हजारीबाग सदर में एक, कटकमदाग थाना में दो मामले दर्ज हैं. इनमें लूट व एनडीपीएस एक्ट के मामले हैं. वहीं अंकित कुमार पर मुफ्फसिल थाना में दो, बड़कागांव में एक, कोर्रा में एक, सदर थाना में एक, कटकमसांडी में तीन व कटकमदाग में दो मामले दर्ज हैं. एसपी ने कहा कि हजारीबाग में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए रक्षक सैट टीम का गठन किया गया है. रक्षक सैट दल नशाखोरी, लूट, चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर में लगातार भ्रमणशील है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










