आठ घंटे के रेस्क्यू के बाद कुएं से सुरक्षित निकला हाथी का बच्चा

जेसीबी मशीन के माध्यम से कुएं के पास गड्ढा खोदकर रास्ता बनाया गया
टाटीझरिया. हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के खैरा गांव में 14 अक्तूबर की रात हाथी का बच्चा कुआं में गिर गया. ग्रामीणों और वन विभाग के सहयोग से हाथी के बच्चे को सुरक्षित आठ घंटे के बाद कुएं से निकाल लिया गया. इस सफल अभियान के बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत और खुशी जाहिर की. पूरे बचाव अभियान के दौरान हथिनी कुएं के पास खड़ी होकर राहत बचाव दल को सहयोग करती रही. जानकारी के अनुसार 14 अक्तूबर की रात चार हाथियों का दल खैरा गांव पहुंचा. इस दल में करीब एक माह का एक छोटा हाथी भी शामिल था. ग्रामीणों द्वारा हाथियों को भगाने के दौरान हाथी का बच्चा खैरा गांव निवासी सरयू महतो के कुएं में गिर गया. कुआं में जमीन से 10 फीट नीचे पानी था. इस घटना के बाद हथिनी जोर-जोर से चिंघाड़ने लगी. तब आसपास के लोग कुएं के पास पहुंचे. इसकी सूचना प्रभारी वनपाल इचाक विद्याभूषण केसरी, डीएफओ मौन प्रकाश और वन क्षेत्र पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार चौधरी को दी गयी. इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया. कुएं में 10 फीट नीचे पानी होने के कारण राहत बचाव कार्य करने में परेशानी हो रही थी. इसके बाद बचाव दल ने कुएं में पानी के स्तर को ऊपर लाने के लिए बगल के कुएं से पंप की सहायता से पानी भरा. इसके बाद जेसीबी मशीन के माध्यम से कुएं के पास गड्ढा खोदकर रास्ता बनाया गया.
हथिनी शुरू में आक्रामक थी, बाद में सहयोग किया
बचाव दल में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि बच्चा हाथी कुएं में गिरने के बाद हथिनी जोर-जोर से चिंघाड़ने लगी. इस दौरान दो हाथी कुएं के पास रहे और एक हाथी वहां से निकल गया. कुएं के आसपास एक हथिनी सूंड़ की सहायता से बच्चा हाथी को निकालने का लगातार प्रयास करती रही. शुरू में बचाव दल में शामिल ग्रामीण और वन विभाग के कर्मी कुएं के आसपास जा रहे थे, तो हथिनी आक्रामक हो जा रही थी. बाद में हथिनी को एहसास हुआ कि सभी बच्चा हाथी को बचाने में लगे हुए हैं, तो हथिनी शांत हो गयी और बचाव दल के सदस्यों को सहयोग करती हुई दिखी. वह बच्चे को सूंड़ के सहारे बने रैप की ओर धकेल रही थी. अंतत: आठ घंटे के बाद हथिनी ने टूटे हुए कुएं में बनाये गये रास्ते से उसे सुरक्षित निकाल लिया. बच्चा हाथी निकलने के बाद चारों हाथी एक जगह जमा हो गये और नन्हें हाथी को सूंड़ से लपेट कर प्यार करने लगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




