52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ नशे के पांच सौदागर गिरफ्तार

बाइक अौर स्कूटी से नशेड़ियों तक पहुंचाते थे ब्राउन शुगर
हजारीबाग. नशे के सौदागरों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस का अभियान जारी है. इसी कड़ी में इचाक पुलिस ने 52 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पांच नशे के सौदागरों को गिरफ्तार किया है. इनमें इचाक गूंजा के राहुल कुमार, रतनपुर के विशाल कुमार, बरकाकला के अमित कुमार, बरकाखुर्द के दीपक कुमार और सयालखुर्द के मुकेश कुमार शामिल हैं. एसपी को मिली सूचना पर इचाक पुलिस ने थाना क्षेत्र के लोटवा जंगल के रास्ते में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते उक्त पांचों को गिरफ्तार किया. एसपी अमन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर और पैडलर कागज की पुड़िया में ब्राउन शुगर नशेड़ियों को बेचते थे. प्रति ग्राम 2400 रुपये की दर से ब्राउन शुगर खरीद कर नशेड़ियों को 2800 से तीन हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचते थे. पैडलर हेलमेट पहनकर ब्राउन शुगर की पुड़िया नशेड़ियों तक बाइक व स्कूटी से पहुंचाते थे. पैडलर और नशेड़ियों का संपर्क व्हाट्सऐप से होता था. ब्राउन शुगर का इस्तेमाल करनेवाले नशेड़ी यूपीआइ के माध्यम से भुगतान करते थे. एसपी ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर का मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब पांच लाख रुपये है.
सरगना राहुल कुमार पर 19 मामले हैं दर्ज
एसपी ने कहा कि गिरफ्तार तस्कर राहुल कुमार का नेटवर्क शहर के बड़ाबाजार, बरही, बरकट्ठा, मुफ्फसिल, लोहसिंघना, पेलावल समेत अन्य थाना क्षेत्रों में फैला हुआ है. राहुल की तलाश पुलिस बहुत दिनों से कर रही थी. उस पर कुल 19 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं. इसमें नौ मामले एनडीपीएस एक्ट के हैं. इसके अलावा आरोपी दीपक मुकेश समेत सभी पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. एसपी ने कहा कि राहुल पर सीसीए लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा. राहुल के कई सहयोगी को इचाक पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इनमें राजेंद्र कुमार, अमन रजक, संदीप कुमार, गौतम कुमार कसेरा का नाम शामिल है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










