हजारीबाग : जिले के कटकमसांडी प्रखंड का लुपूंग पंचायत देश के पंचायत प्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक बन गया है. लुपूंग पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार रविदास ने जल संरक्षण कर एक मिसाल पेश की है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लुपूंग पंचायत के जल संरक्षण को मन की बात में देशवासियों को बताया.
प्रधानमंत्री ने मुखिया दिलीप कुमार रविदास के विचारों पर अन्य जनप्रतिनिधियों को अमल करने की सलाह दी. इधर, मुखिया दिलीप कुमार रविदास ने देशवासियों को अपने विचार में कहा कि घरों व चापानलों के वेस्टेज पानी को पनसोखे में एकत्रित करें. जो जलस्तर की धाराओं को नम रखता है और इससे धरती नम रहती है.
पानी का जलस्तर कभी सूखता नहीं है. हमारा एक ही मकसद है लुपूंग पंचायत के सभी गांव मुहल्लों के सड़कों में पानी जमा नहीं हो. सड़क पूरी तरह से साफ-सुथरा रहें. घरों, छतों व चापानलों से निकलने वाले पानी तालाबों व पनसोखों में जमा हो. पानी का जमाव होने से पंचायतवासी अच्छी पैदावार भी कर सकेंगे. उन्हें पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा. मुखिया ने कहा कि पंचायतवासियों को सुखाड़ से मुक्ति दिलाने का काम करेंगे.
घरों व चापानलों के पास बनवाया पनसोखा: मुखिया दिलीप कुमार रविदास ने पंचायत के 50 घरों व 15 चापानलों के पास पनसोखा बनाया है. पंचायत के जिन-जिन क्षेत्रों से पानी अधिक मात्रा में बर्बाद होती है. उन जगहों पर सबसे पहले पनसोखा बनाया गया है.
बाकी पंचायत के सभी चापानलों के पास पनसोखा बनाया जायेगा. इन सभी पनसोखा बनाने के लिए पहले पंचायतवासियों को जागरूक किया गया. इसके बाद पंचायत के लोग खुद इस सुझाव को बेहतर समझा और अपने से पनसोखा का निर्माण करना शुरू किया. ग्रामीणों का मानना है कि जल संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य बनता है. श्रमदान से पंचायत के लोगों ने अपने-अपने घरों में पनसोखा का निर्माण कर रहे है. 14वीं वित्त की राशि से मुखिया द्वारा गांव में पनसोखा बनाये गये है.
बीडीओ ने कहा: बीडीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि लुपूंग पंचायत में जल संरक्षण का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है. इस तरह का काम प्रत्येक पंचायत के मुखिया करें. इसमें हमारी भागीदारी उनके साथ रहेंगी. सभी गांवों में युवा संगठन बना कर व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के सहयोग से सभी काम कराये जायेंगे. पंचायत के किसानों को मेढबंधी का भी काम दिया जायेगा. पदाधिकारियों के साथ-साथ पंचायत के प्रतिनिधि से लेकर गांव के लोग जुड़े व विकास कार्यों में अपनी सहभागिता निभायें.
लुपूंग पंचायत में पौधरोपण व ट्रेंच कटाई का काम शुरू: जल संरक्षण के लिए 12 एकड़ भूमि में सरकारी भूमि में ट्रेंच कटाई का काम शुरू किया गया. इसमें तीन फीट चौड़ा, तीन फीट गहरा व 12 फीट लंबा ट्रेंच का मापदंड होगा. दो ट्रेंचों के बीच में तीन फीट की दूरी होगी. पानी रोकने के लिए पौधरोपण की शुरुआत की गयी है.
11 तालाबों का जीर्णोद्धार व निर्माण: जल संरक्षण के लिए लुपूंग पंचायत में भूमि संरक्षण विभाग से दो, लघु सिंचाई विभाग से दो, विधायक के सहयोग व श्रमदान से दो, विधायक मद से एक व मनरेगा योजना से चार तालाबों का निर्माण कराया गया हैं. पंचायत में 11 तालाब बनने से यहां के किसान व्यापक पैमाने पर खेती-बारी का काम कर रहे है. कुआं व चापानल का जलस्तर भी घटा नहीं है.
इससे पंचायत के लोगों को पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ा. मौके पर बीडीओ अखिलेश कुमार, मुखिया दिलीप कुमार रविदास, विधायक प्रतिनिधि किशोरी राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष जीवन कुमार मेहता, चंदन मेहता, पंचायत सचिव देव नंदन प्रसाद, भारतीय नवयुवक संघ के अध्यक्ष दीपक मेहता, रामनरेश भारती, दिगंबर मेहता, राजेंद्र मेहता, हिमांशु कुमार, पंकज कुमार आदि उपस्थित थे.