लीड : युवा राजनेता व समाजसेवी के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनायें : धीरज साहू

Updated at : 15 Mar 2026 6:02 PM (IST)
विज्ञापन
लीड : युवा राजनेता व समाजसेवी के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनायें : धीरज साहू

छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज का 26वां तेली महाजतरा सह सामूहिक विवाह समारोह रविवार को गुमला के करौंदी रथ मेला बगीचा में हुआ.

विज्ञापन

गुमला छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज का 26वां तेली महाजतरा सह सामूहिक विवाह समारोह रविवार को गुमला के करौंदी रथ मेला बगीचा में हुआ. कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज साहू, तेली समाज के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू सहित अन्य अतिथियों ने विधिवत रूप से दीप जलाकर किया. मौके पर धीरज साहू ने कहा कि प्रत्येक वर्ष गुमला की पावन भूमि पर जतरा लगाया जाता है. जहां समाज की गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जाता है. यह एक पुनीत कार्य है. इस कार्य के लिए उन्होंने आयोजनकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि आपके समाज से ही देश को प्रधानमंत्री मिला है और हमारे राज्य के मुख्यमंत्री भी हमारे समाज से ही रह चुके हैं. आप अपने बच्चों को शिक्षित करें. ताकि समाज और मजबूती के साथ खड़ा हो सके. उन्होंने कहा कि आज दहेज प्रथा को पूरी तरह से खत्म करने के लिए हमारा समाज खड़ा है. उन्होंने युवा पीढ़ी को आह्वान करते हुए कहा कि आप राजनेता, समाजसेवी के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनायें तथा जरूरतमंदों की सेवा को प्राथमिकता दें. उन्होंने सभी 13 नवविवाहित जोड़ियों को शुभकामनायें देते हुए अपनी ओर से पांच-पांच हजार रूपये का वितरण भी किया. इससे पूर्व नागपुरी कलाकार उर्मिला महतो, रजनी, हुलास, महावीर साहू सहित अन्य कलाकारों व गायकों द्वारा रंगारंग नागपुरी गीत व नृत्य प्रस्तुत किया गया. जिसमें दर्शक झूमते नजर आये. कार्यक्रम में विधायक पूर्णिमा साहू, केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग, हीरा साहू, रिपुसुदन साहू, लोहरदगा जिलाध्यक्ष शिवदयाल साहू, सिमडेगा जिलाध्यक्ष जगदीश साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर साहू, प्रदेश युवाध्यक्ष सुभाष साहू, सचिन कुमार साहू, युवाध्यक्ष कौशल साहू, वार्ड पार्षद मनीष कुमार, भूखन साहू, महिला जिलाध्यक्ष बसंती साहू, पितेश्वर साहू, सच्चिदानंद चौधरी सहित काफी संख्या में समाज के लोग शामिल थे.

ओबीसी आरक्षण को ले विधानसभा का घेराव जल्द : अरुण साहू

प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू ने कहा कि आज समाज के लोगों के साथ मारपीट उनका शोषण बहुत ज्यादा हो रहा है. लड़ाई करने वाला दोनों पक्ष भी समाज से ही होता है. ऐसे में हमें एकजूट होकर इन कुरीतियों को दूर करने की जरूरत है. छोटे छोटे मामले में आपलोग थाने के चक्कर न लगायें, बल्कि समाज के पास ही आकर आपसी रंजीश को दूर करें. उन्होंने ओबीसी आरक्षण शून्य किये जाने पर चिंता प्रकट किया. कहा कि ओबीसी आरक्षण को लेकर बहुत जल्द ही विधानसभा का घेराव किया जायेगा.

हम भी हैं झारखंड के मूलवासी : कलिंदर साहू

जिलाध्यक्ष कलिंदर साहू ने कहा कि वर्तमान समय में हवा और पानी को छोड़कर हमारा अधिकार सभी जगह नहीं है. ऐसे में समाज को एकजुट होकर अपने हक और अधिकार की बातें करनी होगी. हमारी भाषा नागपुरिया है. संस्कृति हमें तिलक-दहेज लेने से रोकती है. जल और जंगल के हम भी अधिकारी है. साथ ही जिस जमीन पर हम निवास करते हैं. वह भी खतियानी जमीन है. ऐसे में हम मूलत: अपने क्षेत्र के मूल निवासी हैं. उन्होंने नारा दिया कि हम पढ़ेंगे, न डरेंगे न झुकेंगे और समाज के हक के लिये सदैव लड़ेंगे.

13 जोड़ियों की कराया गया विववाह

समारोह में 13 जोड़ियों की सामुहिक शादी करायी गयी. अरूण साहु-दीपिका कुमारी, विरेंद्र साहू-सरस्वती कुमारी, सुरज साहू -बबीता कुमारी, अनुज साहू -सुजाता कुमारी, बहुरा साहू -कमला कुमारी, लव साहू -सुलोचना कुमारी, लालदेव साहू -सुस्मिता साहू, दीपक नाग-रीता कुमारी, विकास बड़ाइक-रेशमा नाग, सुधीर खड़िया-विनीता डुंगडुंग, संतोष मुंडा-मंगईन कुमारी, रूपदयाल लोहरा-सुगी कुमारी एवं बहुरा साहू-कमला कुमारी का विवाह कराया गया. विवाह में पुरोहित के रूप में अवधेश मिश्र व सहयोगी के रूप में निखिल ठाकुर रहे.

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola