भारतमाला प्रोजेक्ट की जमीन पर ग्रामीणों ने की धनरोपनी, 300 से अधिक ग्रामीणों का प्रदर्शन
भारतमाला सड़क पर धान रोपनी करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
गुमला में भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन पर ग्रामीणों ने धान रोपकर विरोध जताया और शिवालया प्लांट का घेराव कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.
गुमला : भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि को लेकर गुमला जिले के घटगांव पंचायत स्थित कटासारु गांव और लट्ठा बरटोली में चल रहा विवाद अब उग्र रूप लेता जा रहा है. मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंचने के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिवालया कंपनी के प्लांट का घेराव कर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों हंगामा किया.
बताया गया कि करीब 300 से अधिक ग्रामीण शिवालया कंपनी के प्लांट पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कंपनी के प्रतिनिधि दिगंबर सिंह को ग्रामीणों ने घेर लिया. हालात बिगड़ते देख मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के लिए प्लांट के एक कमरे में रखा. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया.
गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि बलदेव भगत, सपना देवी, पूनम लकड़ा, प्रभा केरकेट्टा और शिवालया कंपनी के प्रतिनिधि दिगंबर सिंह के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत दी गई है. इसके बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई. इसी से नाराज होकर ग्रामीण बड़ी संख्या में प्लांट पहुंच गए और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए.
घंटों चले गतिरोध के बाद वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की. अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. पुलिस ने कंपनी प्रतिनिधि को सुरक्षा घेरे में प्लांट से बाहर निकाला. अधिकारियों ने सभी पक्षों को थाना बुलाकर मामले की जांच करने की बात कही.
हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मिलकर न्याय की मांग करेंगे.
विवादित जमीन पर की धान रोपनी
इधर, भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन सड़क के लिए अधिग्रहित विवादित जमीन पर ग्रामीणों ने धान की रोपनी कर विरोध दर्ज कराया. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी शिकायतों का समाधान नहीं होगा, तब तक वे अपनी जमीन पर अपना अधिकार जताते रहेंगे. इस कदम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.
डीजीपी को भेजा गया शिकायत पत्र
ग्राम प्रधान टिपरू मुंडा ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भेजी है. शिकायत के आधार पर रांची पुलिस मुख्यालय ने गुमला पुलिस से सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों के साथ विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 4 जून 2026 को जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट और 16 जून को दोबारा हुए विवाद के बावजूद पुलिस ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है.
क्या है मामला
भारतमाला परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन को लेकर कटासारु गांव और लट्ठा बरटोली के ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी शिकायतों का समाधान किए बिना परियोजना का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है. इसी विवाद को लेकर लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें...
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










