घरेलू एलपीजी की कमी नहीं, घबराकर अधिक बुकिंग न करें : जिला प्रशासन

Updated at : 13 Mar 2026 9:25 PM (IST)
विज्ञापन
घरेलू एलपीजी की कमी नहीं, घबराकर अधिक बुकिंग न करें : जिला प्रशासन

उपायुक्त के निर्देश पर की गयी बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

विज्ञापन

गुमला. उपायुक्त गुमला के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता, उपभोक्ताओं की जरूरत, संभावित कालाबाजारी की रोकथाम तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी गुमला, बसिया और चैनपुर, बीपीसीएल, एचपीसीएल तथा आइओसीएल के प्रबंधक, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और घरेलू गैस वितरक शामिल हुए. बैठक में बताया गया कि जिले में बीपीसीएल के 41,739 तथा एचपीसीएल के 16,500 उपभोक्ता हैं, जबकि आइओसीएल के कुल 1,32,903 उपभोक्ता हैं. वर्तमान में जिले में प्रतिदिन लगभग 2300 से 2400 गैस सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और अमेरिका-ईरान के बीच तनाव की खबरों के कारण कुछ उपभोक्ताओं द्वारा घबराहट में अधिक मात्रा में गैस बुकिंग की जा रही थी, जिससे सर्वर में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गयी थी. अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है और 14 मार्च 2026 से उपभोक्ता पहले की तरह आसानी से गैस बुकिंग कर सकेंगे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है. उपभोक्ता अनावश्यक रूप से चिंतित न हों. गैस बुकिंग यूपीआई, फोनपे, गूगल पे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भी की जा सकती है. मौजूदा व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग कर सकते हैं. यदि किसी उपभोक्ता को निर्धारित अवधि से पहले गैस की आवश्यकता होती है, तो वे अपने नजदीकी गैस एजेंसी से पांच किलोग्राम का छोटा सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं. व्यावसायिक गैस के संबंध में बताया गया कि फिलहाल सामान्य व्यवसायिक गैस का वितरण बंद है. हालांकि अस्पताल, शिक्षण संस्थान, सेना और अन्य आपात सेवाओं के लिए सरकारी आदेशानुसार व्यवसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जायेगा. जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गैस एजेंसियों के प्रबंधकों और डीलरों को निर्देश दिया कि किसी परिस्थिति में गैस की कालाबाजारी नहीं होने दी जाये. यदि ऐसी कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित डीलर या व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. वहीं अनुमंडल पदाधिकारी बसिया ने सुझाव दिया कि यदि कहीं भी घरेलू गैस से संबंधित समस्या उत्पन्न होती है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाये, ताकि समय पर कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है. इसलिए अनावश्यक बुकिंग या अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola