चेंबर के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल की दुकान में चोरी

चेंबर के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल की दुकान में चोरी
गुमला. शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने अब व्यवसायियों की नींद उड़ा दी है. खासकर चेंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े पदाधिकारियों को लगातार निशाना बनाये जाने से शहर में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गयी हैं. ताजा मामला गुमला मेन रोड स्थित गुमला टोबैको कंपनी प्रतिष्ठान का है, जहां शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. दुकान के मालिक अशोक कुमार जायसवाल हैं, जो चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. वहीं उनके पुत्र अभिजीत जायसवाल वर्तमान में चेंबर के उपाध्यक्ष हैं. उनके प्रतिष्ठान में चोरी हुई है. ऐसे में इस घटना ने व्यवसायिक जगत में हड़कंप मचा दिया है. अशोक जायसवाल ने गुमला थाना में दिये गये आवेदन के अनुसार 22 मई की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का दरवाजा और कब्जा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया. अगले दिन सुबह करीब 11.15 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना की जानकारी हुई. चोरी गये सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बतायी जा रही है. घटना की जानकारी मिलते परिवार के लोगों ने थाना को सूचना दी. इसके बाद थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान हो सके. बता दें कि हाल के दिनों में चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व सचिव के घर में भी बड़ी चोरी की घटना हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है. इसके अलावा चेंबर के पीआरओ प्रतीक अग्रवाल का पिकअप वाहन भी चोर उड़ा ले गये थे. व्यवसायियों में आक्रोश : लगातार हो रही घटनाओं से शहर के व्यवसायियों में आक्रोश है. चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी की अगुवाई में चेंबर टीम ने एसडीपीओ से मिल कर चोरी पर विराम लगाते हुए घटना के उद्भेदन की मांग की है. एसडीपीओ से मिलने वालों में दामोदर कसेरा, प्रणय कुमार, प्रतीक अग्रवाल, अशोक जायसवाल, दीपक गुप्ता शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










