संदिग्ध कॉल, संदेश और लिंक से रहें सावधान, निजी जानकारी साझा न करें: डीसी

21 गुम 17 में कार्यक्रम में डीसी, डीडीसी व अन्य लोग | Prabhat Khabar Network
गुमला में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित। डीसी ने विद्यार्थियों को संदिग्ध कॉल, लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की दी सलाह।
गुमला: जिला समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को नगर भवन गुमला में विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए साइबर सुरक्षा व डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम हुआ. मुख्य अतिथि डीसी दिलेश्वर महतो ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से डिवाइस और व्यक्तिगत डेटा को नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि बैंक या सरकारी अधिकारी ऐसी जानकारी कभी नहीं मांगते हैं.
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो और लोकेशन सार्वजनिक करने से बचने तथा लॉटरी, इनाम, नौकरी या सस्ते ऑफर के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गयी.
इस दौरान साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, आपातकालीन सहायता नंबर 112 और महिला हेल्पलाइन 181 समेत अन्य संपर्क सूत्रों की जानकारी दी गयी. उपायुक्त ने कहा कि मोबाइल, कंप्यूटर या इंटरनेट के माध्यम से मिलने वाली किसी भी संदिग्ध सूचना, कॉल या संदेश पर बिना जांच के भरोसा नहीं करना चाहिए.
साइबर अपराध की चुनौतियों से कराया अवगत: डीडीसी अनिमेष रंजन ने साइबर अपराध से जुड़ी घटनाओं व वर्तमान चुनौतियों की जानकारी देते हुए कहा कि कई मोबाइल एप्लीकेशन कैमरा, माइक्रोफोन और लोकेशन जैसी सुविधाओं का एक्सेस मांगती हैं, जिनका गलत इस्तेमाल हो सकता है. उन्होंने अनावश्यक बैकग्राउंड एक्सेस बंद रखने की सलाह दी. साथ ही सोशल मीडिया व कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) के बढ़ते प्रभाव पर भी चर्चा की.
इंटरनेट का उपयोग सावधानी व समझदारी से करें : एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि इंटरनेट और कंप्यूटर आधुनिक जीवन के जरूरी साधन हैं, लेकिन इनके उपयोग में सतर्कता जरूरी है.
उन्होंने विद्यार्थियों से अनधिकृत लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध वेबसाइटों व संदेशों से दूर रहने की अपील की. संचालन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने किया. एसडीपीओ बसिया ने भी विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










