मुजफ्फरपुर में बनेगा उत्तर बिहार का पहला पशु शवदाह गृह, नदी में पशुओं के शव फेंकने की समस्या होगी खत्म

मुजफ्फरपुर में बनेगा उत्तर बिहार का पहला पशु शवदाह गृह
मुजफ्फरपुर में उत्तर बिहार का पहला पशु शवदाह गृह (एनिमल क्रेमेटोरियम) बनने जा रहा है. यह सिकंदरपुर मुक्तिधाम के पास बूढ़ी गंडक नदी किनारे बनेगा. इसके शुरू होने से मृत पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से अंतिम संस्कार किया जा सकेगा.
Pet Crematorium: मुजफ्फरपुर में उत्तर बिहार का पहला पशु शवदाह गृह (एनिमल क्रेमेटोरियम) बनने जा रहा है. इसके लिए शहर के सिकंदरपुर मुक्तिधाम के पास बूढ़ी गंडक नदी किनारे जमीन चिह्नित कर ली गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. इसके शुरू होने के बाद मृत पशुओं का वैज्ञानिक और सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार किया जा सकेगा.
सिकंदरपुर मुक्तिधाम के पास बनेगा एनिमल क्रेमेटोरियम
नगर विकास एवं आवास विभाग ने बुडको (BUDCO) के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजकर परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए मुजफ्फरपुर नगर निगम से औपचारिक अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) और सहमति लेने का निर्देश दिया है.
विभाग ने कहा है कि बुडको नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द सहमति प्राप्त करे. इसके बाद परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) को भेजा जाएगा.
इलेक्ट्रिक या गैस आधारित होगा शवदाह गृह
प्रस्तावित पशु शवदाह गृह इलेक्ट्रिक या गैस आधारित होगा. इसके निर्माण के बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में मृत मवेशियों एवं पालतू पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा. इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी.
कम होगी नदी में शव फेंकने की समस्या
फिलहाल शहर और आसपास के इलाकों में मृत पशुओं के शव अक्सर बूढ़ी गंडक नदी के किनारे या खुले स्थानों पर फेंक दिए जाते हैं. इससे दुर्गंध फैलने के साथ जल और वायु प्रदूषण की समस्या पैदा होती है. साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है.
नगर विकास विभाग का मानना है कि पशु शवदाह गृह बनने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और नदी को प्रदूषण से बचाने में भी मदद मिलेगी.
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि वैज्ञानिक तरीके से पशु शवों के निस्तारण से न केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षित होगा, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी.
यह भी पढे़ं: छात्र आंदोलन के बीच अलर्ट पर मुजफ्फरपुर, यूनिवर्सिटी और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसबल तैनात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










