जीवन रक्षा के संकल्प के साथ हुई नववर्ष की शुरुआत

प्रशासन व परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 को लेकर चलाया अभियान
गुमला. नववर्ष 2026 की शुरुआत जिले में केवल उत्सव के साथ नहीं, बल्कि जीवन रक्षा के संकल्प के साथ हुई. सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों पर जिला प्रशासन व परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 को लेकर अभियान चलाया. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित व जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में इस बार अभियान का मूल मंत्र सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन रखा गया है. अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक व सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों ने नागफेनी स्थित टोल प्लाजा पर सघन जांच व जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान टोल संचालक के सहयोग से दर्जनों वाहनों पर रेडियम स्टीकर लगाये गये. अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि कोहरे व रात के अंधेरे में यह स्टीकर दुर्घटना रोकने में कितने कारगर साबित होते हैं. नये साल के जश्न व पिकनिक को देखते हुए प्रशासन ने ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर आम जनता से मार्मिक अपील की है. उन्होंने कहा है कि जब आप पिकनिक के लिए निकलते हैं, तो शाम को कोई घर पर आपके लौटने की राह देख रहा होता है. आपकी एक छोटी सी लापरवाही या तेज रफ्तार पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल सकती है. उपायुक्त ने कहा : उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा है कि सुरक्षित रहने के लिए केवल नियम जानना काफी नहीं है. बल्कि हेलमेट और सीट बेल्ट को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना अनिवार्य है. दुर्घटना कभी अनुमति लेकर नहीं होती. इसलिए सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अपनी जिम्मेदारी समझ कर करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




