जनगणना 2027 का पहला चरण 16 मई से, 14 जून तक चलेगा मकान सूचीकरण कार्य

डिजिटल माध्यम से होगी पूरी प्रक्रिया, एक से 15 मई तक नागरिक कर सकेंगे स्वगणना
गुमला. भारत की जनगणना 2027 के तहत गुमला जिले में पहले चरण के रूप में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य 16 मई 2026 से शुरू होकर 14 जून 2026 तक चलेगा. इस संबंध में उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी दिलेश्वर महतो ने बुधवार को जिला जनसंपर्क एवं सूचना सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया एक मई से 15 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें नागरिक अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर के माध्यम से निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे. बाद में प्रगणक द्वारा इन सूचनाओं का सत्यापन किया जायेगा. उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगा. मकान सूचीकरण के लिए जिले में कुल 2071 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाये गये हैं. इसके लिए 408 पर्यवेक्षक और 2289 प्रगणकों की नियुक्ति की गयी है. सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 27 अप्रैल से नौ मई 2026 तक आयोजित किया जायेगा. साथ ही जनगणना कार्य की निगरानी के लिए जिला स्तर पर सांख्यिकी कार्यालय तथा प्रखंड/अंचल स्तर पर जनगणना कोषांग का गठन किया गया है. मकान सूचीकरण के दौरान नागरिकों से कुल 33 प्रकार के प्रश्न पूछे जायेंगे. उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनायें. प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी शशिंद्र कुमार बड़ाइक व प्रभारी जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह सहायक जनगणना पदाधिकारी माधुरी बेक समेत संबंधित पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










