छह अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, जेल

एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद
रायडीह. रायडीह पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने घटना को अंजाम देने से पहले ही योजना बना रहे छह अपराधियों को एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है. शनिवार को रायडीह थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चैनपुर एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 22 मई को सूचना मिली थी कि रायडीह थाना के जमगाई गांव में देवलाल खड़िया के घर के पीछे कुछ अपराधी डकैती की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित कर घेराबंदी की गयी. पुलिस ने मौके से चार आरोपियों वर्मा सिंह (40), देवलाल खड़िया (35), अनिल साहू (32) और रितेश दास (31) को धर दबोचा. तलाशी के दौरान अनिल साहू के पास से एक देसी कट्टा व जिंदा गोली बरामद हुई. पूछताछ में अपराधियों ने डकैती की योजना की बात कबूल की और अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताये. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीताराम दास (35) और उमेश मांझी (33) को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है. पकड़े गये सभी छह अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. छापेमारी अभियान को सफल बनाने में मुख्य रूप से थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव, एसआइ विनय कुमार साव, एएसआइ धनंजय सिंह और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










