ePaper

गुमला में गांधीगिरी से हुआ सड़क सुरक्षा का आगाज

Updated at : 02 Jan 2026 9:07 PM (IST)
विज्ञापन
गुमला में गांधीगिरी से हुआ सड़क सुरक्षा का आगाज

हेलमेट नहीं पहनने वालों को पहनाया गया माला, नियमों का पालन करने वालों को दिया गया गुलाब

विज्ञापन

गुमला. गुमला जीवन रक्षा के संकल्प के साथ प्रशासन की गांधीगिरी दिखी. हेलमेट नहीं पहनने वालों को गेंदा फूल का माला पहनाया गया. वहीं नियमों के पालन करनेवालों को गुलाब का फूल भेंट किया गया. प्रशासन की इस गांधीगिरी के साथ नये साल में सड़क सुरक्षा का आगाज किया गया. सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के तहत सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन थीम पर आधारित अभियान शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में जिला और पुलिस प्रशासन ने चलाया. अभियान के दौरान अधिकारियों ने गांधीवादी तरीका अपनाते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया. सड़क पर जो वाहन चालक हेलमेट व सीट बेल्ट लगा कर नियमों का पालन करते दिखे, उन्हें जिला परिवहन पदाधिकारी व पुलिस अधिकारियों ने गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया. वहीं बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ट्रिपल लोडिंग वाले वाहन चालकों का चालान काटने के बजाय उन्हें माला पहना कर शर्मिंदा किया गया और उनकी सुरक्षा के प्रति आगाह किया गया.

किस्मत के भरोसे नहीं, समझदारी के भरोसे चलें. : डीडीसी

अभियान का नेतृत्व कर रहे उपविकास आयुक्त दिलेश्वर महतो व जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने कहा कि दुर्घटनाएं किस्मत से नहीं, बल्कि लापरवाही से होती हैं. अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिंदा हैं, तो सुरक्षा का अहसास जरूरी है. यह सोचना छोड़ दें कि किस्मत होगी, तो बच जायेंगे. किस्मत के भरोसे नहीं, समझदारी के भरोसे चलें.

अधिकारियों ने सड़क पर संभाली कमान

पटेल चौक पर आयोजित अभियान में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, सार्जेंट मेजर अभिमन्यु कुमार और थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने स्वयं मोर्चा संभाला. उन्होंने वाहन चालकों से भावुक अपील की कि जब वे घर से बाहर निकलते हैं, तो पूरा परिवार उनके सुरक्षित लौटने का इंतजार करता है.

प्रशासन की चेतावनी व अपील

आपकी एक लापरवाही घर के इंतजार को उम्र भर के मातम में बदल सकती है. नशे की हालत में वाहन चलाना अपराध और जानलेवा जोखिम है. गाड़ी तेरा भाई चलायेगा जैसे जुमलों से बचें. नशे में धुत्त व्यक्ति को चाबी न दें.

2030 तक मौतों को प्रतिशत आधा करने का लक्ष्य

प्रभाष कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार के लक्ष्य के अनुसार वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को 50 प्रतिशत तक कम करना है. इसके लिए एक से 31 जनवरी तक पूरे जिले में जागरूकता रथ, स्कूलों में पाठशाला और विशेष चेकिंग अभियान चलाये जायेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola