20 साल से सड़क का इंतजार, कीचड़मय मार्ग पर लोगों ने धान रोप जताया आक्रोश

30 गुम 11 में बैठक करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
गुमला के घाघरा में सड़क निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। जर्जर सड़क पर धान रोपकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति जताया आक्रोश।
गुमला: घाघरा विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर गुमला जिले के घाघरा प्रखंड की अति सुदूरवर्ती दीरगांव पंचायत में सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया. वर्षों तक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद सलगी तालाब से चांदगो तालाब तक लगभग सात किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया.
गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीण जर्जर सड़क पर उतर आये और वहां धान की रोपाई कर अपनी पीड़ा और आक्रोश व्यक्त किया. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है. हर चुनाव में सड़क बनाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही सभी वादे भुला दिये जाते हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में यह सड़क घुटनों तक कीचड़ से भर जाती है, जिससे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है. सबसे अधिक परेशानी मरीजों, गर्भवती महिलाओं, स्कूली बच्चों और किसानों को उठानी पड़ती है.
ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब सड़क आवागमन के योग्य नहीं है, तो इस पर धान की खेती ही कर दी जाये. विरोध के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बरसात के दौरान इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा. यदि सड़क की बदहाली के कारण कोई दुर्घटना होती है या किसी की जान जाती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी.
ग्राम प्रधान जगदीश मुंडा ने कहा कि चुनाव के दौरान जब भी विधायक चमरा लिंडा क्षेत्र में आते हैं, तो कहते हैं कि दीरगांव पंचायत पहुंचते-पहुंचते उनकी कमर में दर्द होने लगता है. साथ ही हर बार सड़क निर्माण का वादा करते हैं, लेकिन कई बार चुनाव जीतने के बावजूद आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ.
ग्रामीणों ने बताया कि गांव से लोगों के आवागमन के लिए केवल एक पिकअप वाहन चलता है. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि सड़क की खराब स्थिति के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जवाबदेही प्रशासन और विधायक चमरा लिंडा की होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










