दो दिन के अंदर समाधान नहीं, तो अनिश्चितकालीन बंद : चेंबर

मामला : दुंदुरिया में बस स्टैंड बनाने का विरोध
मामला : दुंदुरिया में बस स्टैंड बनाने का विरोध प्रतिनिधि, गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स बस ऑनर एसोसिएशन गुमला के अनिश्चितकालीन बंद का नैतिक समर्थन कर रहा है. लेकिन यदि दो दिन के अंदर (तीन नवंबर तक) जिला प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए उचित पहल नहीं करता है, तो चेंबर अनिश्चितकालीन बंद की घोषणा करेगा. जिसकी सारी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी. उक्त बातें चेंबर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. उपाध्यक्ष ने कहा कि बस ऑनर एसोसिएशन गुमला के अनिश्चितकालीन बंद के निर्णय के बाद जिले में विगत दो दिनों से सवारी बसों का परिचालन पूरी तरह से बंद है. जिससे न केवल आम जनता परेशान है, बल्कि व्यवसाय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि अब तक जिला प्रशासन द्वारा इस समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल तक नहीं किया गया है. प्रशासन का यदि यही रवैया रहा, तो चेंबर भी बंद बुलायेगा. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए बीच का कुछ समाधान निकाला जाये, ताकि आम जनता परेशानी से बचे. चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि किसी प्रकार की समस्या हो और समस्या का समाधान नहीं हो, तो आखिरी विकल्प आंदोलन का होता है. बस एसोसिएसन के साथियों ने बंद का आह्वान किया है, तो जाहिर सी बात है कि उन्हें परेशानी है. इसलिए एसोसिएशन द्वारा बसों का परिचालन बंद किया गया है. ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन को पहल करना चाहिए कि जो भी समस्या है, उसे दूर किया जाये और आम जनता को परेशानी से मुक्ति दिलाया जाये. यदि प्रशासन द्वारा बस एसोसिएशन, चेंबर व व प्रबुद्धजनों से बैठक कर समस्या को सुनना व समझना चाहिए. निश्चित रूप से समस्या का समाधान होगा. दामोदर कसेरा ने कहा कि लोहरदगा रूट की बसों के लिए लोहरदगा रोड स्थित बस डिपो में बस स्टैंड बनाये जाने के बाद जिले में विकट स्थिति उत्पन्न हो गयी है. बस एसोसिएशन ने बसों का परिचालन बंद करा दिया है. जिससे न केवल आम जनता को परेशान हो रही है, बल्कि ललित उरांव बस स्टैंड की स्थिति दयनीय हो गयी है. ललित उरांव बस स्टैंड से रोजाना करीब 300 बसों का परिचालन होता है. लेकिन विगत दो दिनों से एक भी बस का परिचालन नहीं हो सका है. जिससे बस चालकों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. ललित उरांव बस स्टैंड में करीब 50 दुकानें संचालित है. जिसकी दुकानदारी बंद हो गयी है. दुकानदार भी विकट समस्या से गुजर रहे हैं. प्रशासन इन समस्याओं पर संज्ञान ले और समाधान का हल करें. मौके पर चेंबर सचिव बबलू वर्मा, कोषाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल, पंकज खंडेलवाल आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




