गुमला के घाघरा में बड़ी लूट: थाने से 100 मीटर दूर स्वर्ण व्यवसायी से अपराधियों ने 1 करोड़ का सोना और कैश लूटा

Published by :Sameer Oraon
Published at :27 Apr 2026 9:46 PM (IST)
विज्ञापन
Gumla Crime News

गुमला में व्यवसायी से 1 करोड़ की लूट, Pic Credit- AI

Gumla Crime News: गुमला जिले के घाघरा में सोमवार की शाम अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट को अंजाम दिया. थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर 'हरिओम गहना घर' के संचालक शशांक सोनी से हथियार के बल पर लगभग एक किलो सोना (कीमत ₹1 करोड़ से अधिक) और 50 हजार नगद लूट लिए गए. अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर व्यवसायी और उनकी मां को सड़क पर गिरा दिया. एसडीपीओ सुरेश यादव के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं.

विज्ञापन

Gumla Crime News, गुमला (अजीत साहू की रिपोर्ट): गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम अपराधियों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसने पूरे जिले की पुलिसिंग पर सवालिया निशान लगा दिया है. थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित शहर के प्रसिद्ध प्रतिष्ठान ‘हरिओम गहना घर’ के संचालक शशांक सोनी के साथ एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट हुई है. अपराधियों ने न केवल भारी मात्रा में सोना लूटा, बल्कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की.

घर पहुंचने से पहले ही घेर लिया

घटना सोमवार शाम लगभग 7:00 बजे की है. जानकारी के अनुसार शशांक सोनी अपनी मां के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे. उनकी गाड़ी की डिक्की में ग्राहकों के ऑर्डर का सोना, स्टॉक का करीब एक किलो सोना और दिन भर की बिक्री के 50 हजार रुपये रखे थे. लेकिन जैसे ही वे अपने आवास पहुंचने वाले थे, घर से महज 100 मीटर पहले पुटो रोड पर तीन बाइकों पर सवार 6 हथियारबंद अपराधियों ने उनकी स्कूटी रोक ली. अपराधियों ने हवाई फायरिंग करते हुए शशांक को निशाना बनाया, जिससे वे और उनकी मां सड़क किनारे गिर पड़े.

Also Read: हजारीबाग में मातम: जिस घर में गूंजनी थी शहनाई, वहां से उठीं 3 अर्थियां, पुलिस पर लगा गुमराह करने का आरोप

मां के सामने बेटे की कनपटी पर सटाया हथियार

अपराधियों की बेरहमी का आलम यह था कि उन्होंने शशांक की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और सामान निकालने को कहा. शशांक की मां ने अपने बेटे की जान की भीख मांगते हुए अपराधियों से उसे न मारने की गुहार लगाई. इसके बाद अपराधी स्कूटी की चाबी लेकर डिक्की में रखा लगभग एक किलो सोना और नगद लेकर फरार हो गए. शशांक सोनी के अनुसार, लूटे गए सोने की बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से भी अधिक है.

पुलिस की कार्यशैली पर भारी रोष

घटना की जानकारी मिलते ही गुमला एसडीपीओ सुरेश यादव और घाघरा थाना की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि थाने के मुख्य द्वार पर स्थित दुकान के मालिक के साथ इतनी पास में ऐसी बड़ी वारदात हो गई और पुलिस को भनक तक नहीं लगी. ग्रामीणों का कहना है कि जिले के इतिहास में आज तक इतनी बड़ी लूट नहीं हुई थी.

Also Read: शहीदों के बच्चों के लिए खुलेगा ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्कूल’: जगुआर कैंपस में होगा निर्माण, CM हेमंत ने दी हरी झंडी

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola