जब तक गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा नहीं मिल जाता, आंदोलन जारी रहेगा

गुमला में गौ सेवकों का प्रदर्शन, गौवंश संरक्षण व राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग तेज
गुमला. जिले में सोमवार को गौ सेवकों द्वारा चलाये जा रहे अभियान का व्यापक असर देखने को मिला. गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सैकड़ों गौ भक्त एकजुट हुए और गोवंश संरक्षण को लेकर प्रदर्शन किया. श्रीबड़ा दुर्गा मंदिर परिसर से गौ सेवकों ने विशाल शोभायात्रा निकाली, जो शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंची. जिला प्रमुख अशोक त्रिपाठी के नेतृत्व में गौ भक्तों ने हजारों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र एसडीओ राजीव नीरज को सौंपा. यह ज्ञापन एसडीओ के माध्यम से उपायुक्त, मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया है. ज्ञापन में मांग की गयी है कि झारखंड में गौ-सेवा एवं संरक्षण अधिनियम को सख्ती से लागू किया जाये और गौ तस्करी व गौ-वध को गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में रखा जाये. इसके अलावा प्रमुख मांगों में गौवंश को राज्य माता का दर्जा देना, प्रत्येक पंचायत में नंदीशाला का निर्माण, गौ सेवा आयोग का गठन और स्कूली पाठ्यक्रम में गौ विज्ञान को शामिल करना शामिल है. जिला प्रमुख अशोक त्रिपाठी ने कहा कि जब तक गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा नहीं मिल जाता, आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन माह के अंदर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 27 जुलाई को जिला मुख्यालय पर पुनः कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. रैली में श्याम मंत्री, शानू साहू, ब्रिज गोप, दीपक कुमार, नवीन साहू, अशोक यादव, लक्की सिंह, आकाश गोप, शिवम कुमार, विक्की कुमार, कृष सिंह, राजकुमार, पूनम सिंह, बंटी कुमार, आलोक सिंह, विकास केसरी, दीक्षा कुमारी, सुधा सिंह, मिथिलेश कुमार आदि कार्यकर्ता शामिल थे. प्रशासन ने दिया आश्वासन : एसडीओ राजीव नीरज ने गौ सेवकों से कहा कि दूध देने में असमर्थ गायों को अक्सर सड़कों पर छोड़ दिया जाता है, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं. उन्होंने गौशाला निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित योजना बनाकर प्रस्ताव जिला प्रशासन को दें. इस दिशा में प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




