एंबुलेंस नहीं मिलने से घायल की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

दो बाइकों की टक्कर में चार घायल, समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजनों में आक्रोश
जारी. गुमला जिले में सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ने के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही भी सवालों के घेरे में है. ताजा मामला जारी प्रखंड से सामने आया है, जहां सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण जान गंवानी पड़ी. जानकारी के अनुसार जारी थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव के पास रविवार को दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में चार लोग घायल हो गये. चैनपुर निवासी 19 वर्षीय रूपेश कुमार और 18 वर्षीय रिशु पासवान एक बाइक से जारी से चैनपुर जा रहे थे. इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर 75 वर्षीय तरसियुस खलखो और 35 वर्षीय अभय टोप्पो सवार थे से उनकी सीधी भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रूपेश कुमार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी, जबकि अन्य तीन लोग भी बुरी तरह घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया. आरोप है कि रेफर किये जाने के बावजूद काफी देर तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं करायी गयी. परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती, तो घायल की जान बचायी जा सकती थी. मजबूरी में परिजनों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायलों को गुमला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंच पर तरसियुस खलखो को मृत घोषित कर दिया गया. घटना के बाद लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गयी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से आपातकालीन सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




