गुमला में अलग अलग हादसे में पांच लोगों की मौत

Updated at : 04 May 2025 9:53 PM (IST)
विज्ञापन
गुमला में अलग अलग हादसे में पांच लोगों की मौत

पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंपा

विज्ञापन

गुमला. गुमला जिले में बीते 24 घंटे के अंदर पांच जगहों पर हुए हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में नागफेनी पोढ़ा गांव निवासी विकास उरांव (23), हिसिर बिशुनपुर निवासी देवपाल खेरवार (45), देवमठिया देवी (80), सोमारी देवी (80) व मनीष भगत (13) शामिल हैं. सदर अस्पताल गुमला में सभी शवों का पोस्टमार्टम करा कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया.

बिशुनपुर : वज्रपात की चपेट में आने से अधेड़ की मौत

बिशुनपुर थाना के हिसिर गांव में शनिवार की शाम देवपाल खेरवार अपनी मां के साथ मवेशी चराने हिसिर जंगल गया था, जहां अचानक तेज बारिश होने लगी. देवपाल मवेशियों को लेकर घर लौटने के क्रम में अचानक तेज बारिश के साथ वज्रपात होने से उसकी चपेट में आने से बेहोश हो गया. परिजनों ने बारिश रुकने के बाद देवपाल के घर नहीं आने पर जंगल जाकर देखा, तो उसे बेहोश पाया. इसके बाद उसे सीएचसी बिशुनपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी.

घाघरा : कुआं में गिर कर डूबने से वृद्धा की मौत

घाघरा थाना के बेलागाड़ा गांव में वृद्ध महिला सोमारी देवी की कुआं में गिर कर डूबने से मौत हो गयी. वह कुआं में हाथ पैर धोने गयी थी, जहां फिसल कर कुआं में गिर गयी. परिजनों को जब पता चला तो उसे कुआं से निकाला गया. लेकिन तब तक उसकी मौत हो गयी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया.

घाघरा : आग से जल कर वृद्ध की मौत

घाघरा थाना के नवडीहा करंजटोली में देवमठिया देवी (80) आग तापने के क्रम में अचानक कपड़े में आग लगने से जलने से गंभीर हो गयी. परिजनों ने उसे सीएचसी घाघरा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि मृतक देवमठिया देवी शनिवार को हुई अचानक बारिश से ठंड लगने के दौरान आग तापने के क्रम में उसके कपड़े में आग लग गयी.

सिसई : सडक हादसे में युवक की मौत

सिसई प्रखंड के नागफेनी पुल के समीप घटी घटना में पोढ़ा निवासी विकास उरांव (23) की मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि विकास उरांव शनिवार को बड़ा मेहमानी करने बस में सवार होकर गणेशपुर डीपा गुमला आया था, जहां देर शाम मेहमानी कर वह बस की छत में जाकर बैठ गया था और नागफेनी पुल के समीप सुरंग से बस को पार करने के दौरान उसके सिर में चोट लगने से वह घायल हो गया. वह अकेले बस की छत पर बैठा था. हादसे के बाद सदर अस्पताल गुमला लाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी.

सिसई : कोयल नदी में डूबने से छात्र की मौत

सिसई प्रखंड के पुसो थाना के हर्री गांव निवासी मनीष भगत (13) की कोयल नदी में डूबने से मौत हो गयी. रविवार को पुलिस को सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया. घटना के संबंध में पुसो थानेदार प्रकाश तिर्की ने बताया कि शनिवार की शाम 7.30 सूचना मिली कि हर्री गांव के मनीष भगत (13) की मौत कोयल नदी में डूबने से हो गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola