फाइलेरिया बीमारी के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : उपायुक्त
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 10 Feb 2026 10:45 PM
उपायुक्त ने फाइलेरियारोधी दवा खाकर की फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत
गुमला. गुमला जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (10 से 25 फरवरी तक) का शुभारंभ मंगलवार को हुआ. उपायुक्त ने स्वयं फाइलेरियारोधी दवा डीइसी व एल्बेंडाजोल का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया. मौके पर कई अधिकारियों व कर्मियों ने भी दवा का सेवन किया. उपायुक्त ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन जिले की प्राथमिक जिम्मेदारी है. यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसका सेवन अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सहिया व एएनएम को अभियान का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि आप सभी की कार्य करने की इच्छा शक्ति से ही बड़े बदलाव संभव हैं. यदि आज भी हम ऐसी रोके जाने योग्य बीमारियों से जूझ रहे हैं, तो इसका अर्थ है कि हमें और अधिक गंभीरता से कार्य करना होगा. उपायुक्त ने कहा कि आने वाले वर्षों में तकनीक के कारण अनेक बदलाव होंगे. ऐसे में यह जरूरी है कि हमारे नागरिक गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रहें. क्योंकि फाइलेरिया जैसी बीमारी एक बार हो जाने पर लाइलाज हो जाती है. उपायुक्त ने बताया कि यह बीमारी एक विशेष प्रकार के मच्छर के काटने से फैलती है. इसलिए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास अनिवार्य है. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि घर घर जाकर दवा खिलाने के वक्त शायद नागरिक दवा खाने से मना करें. ऐसे में उनका काउंसलिंग करना भी आपकी जिम्मेदारी रहेगी. किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सीधे उपायुक्त कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. सिविल सर्जन डॉक्टर शंभूनाथ चौधरी ने बताया कि फाइलेरिया बीमारी क्यूलेक्स प्रजाति के मच्छर के काटने से होती है. जिससे हाथ-पैर में सूजन आ जाती है. उन्होंने कहा कि यह बीमारी एक बार हो जाने पर ठीक नहीं होती. इसलिए इससे बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है. उन्होंने अपील करते हुए कहा कि 10 से 25 फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम को जनआंदोलन का रूप देते हुए सभी को स्वयं दवा का सेवन करना है तथा लक्षित समुदाय तक दवा पहुंचाना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं व गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को दवा नहीं खिलाना है. कार्यक्रम के दौरान आमजनों में जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया तथा जागरूकता रथ को रवाना किया गया. मौके पर डीडीसी दिलेश्वर महतो, एसी शशिंद्र कुमार बड़ाइक, डीसीएलआर राजीव कुमार, एसडीओ सदर राजीव नीरज, एमडीए को-ऑर्डिनेटर शर्मिला शर्मा आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










