रिश्ता ठुकराने की रंजिश में हैवानियत : युवती पर टांगी से हमला, इसके बाद लहूलुहान युवती के साथ दुष्कर्म

अस्पताल में पूछताछ करने पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network
गुमला में शादी का रिश्ता ठुकराने पर एक युवक ने युवती पर टांगी से जानलेवा हमला किया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
गुमला गुमला में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने की रंजिश किस हद तक किसी को हैवान बना सकती है, इसका भयावह उदाहरण गुमला में सामने आया है। आरोप है कि करीब 14 माह पहले शादी का रिश्ता टूटने के बाद युवक ने बदला लेने की योजना बनाई। गुरुवार की रात वह चुपचाप युवती के घर में घुसा, बेड के नीचे छिपकर मौके का इंतजार करता रहा और आधी रात को सो रही युवती पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने का भी आरोप है। घटना के समय घर में पीड़िता की मां और भतीजी भी सो रही थीं, लेकिन उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए नई कहानी गढ़ दी।
उसने पीड़िता की बड़ी बहन को फोन कर कहा कि उसकी बहन घर में बक्से से टकराकर घायल हो गई है। शुक्रवार सुबह जब पीड़िता का बड़ा भाई घर पहुंचा तो बहन को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद मां और भतीजी को जगाया गया। बताया जा रहा है कि उस समय तक आरोपी घर पर ही मौजूद था। संदेह से बचने के लिए वही घायल युवती को इलाज के लिए घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया। इधर सूचना मिलने पर बड़ी बहन गुमला के लिए रवाना हुई। रास्ते में आरोपी भी उसके साथ हो लिया और लगातार यही कहता रहा कि युवती बक्से से घायल हुई है। उस समय तक पीड़िता बेहोश थी।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची रिम्स रेफर किया गया, लेकिन परिजन अपनी इच्छा से उसे साहू नर्सिंग होम ले गए, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। घटना के बाद आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर शनिवार को एसआई निधि गुप्ता साहू नर्सिंग होम पहुंचीं और इलाजरत पीड़िता का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। पीड़िता की बड़ी बहन के अनुसार, मई 2025 में आरोपी अपने परिजनों के साथ शादी का रिश्ता लेकर उनके घर आया था। प्रारंभिक बातचीत के बाद लड़की पक्ष भी आरोपी के घर गया, लेकिन परिवार पसंद नहीं आने पर रिश्ता ठुकरा दिया गया। इसके बावजूद आरोपी युवती का पीछा करता रहा। कुछ समय शांत रहने के बाद उसने उसी अस्पताल में नौकरी कर ली, जहां युवती लोहरदगा जिले में कार्यरत थी। धीरे-धीरे उसने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और बहाने बनाकर उसके घर भी आने-जाने लगा। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार की रात आरोपी पहले से ही घर में घुसकर बेड के नीचे छिपा हुआ था। देर रात जब युवती सो गई तो उसने बाहर निकलकर टांगी से हमला किया और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस पीड़िता के बयान और चिकित्सीय जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










