डाक विभाग विभाग की पहल, गुमला में 70 रुपये में भाई तक पहुंचेगा बहन का रक्षासूत्र

Raksha Bandhan
गुमला डाक विभाग ने रक्षाबंधन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अब मात्र 70 रुपये में वाटरप्रूफ लिफाफे के साथ बहनें अपने भाई तक सुरक्षित राखी भेज सकेंगी।
गुमला
रक्षाबंधन पर्व को यादगार और आसान बनाने के लिए गुमला डाक विभाग ने इस बार विशेष "रक्षा सूत्र अभियान " शुरू किया है. अब बहनों को अपने भाई तक राखी पहुंचाने के लिए अधिक खर्च या परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी. मात्र 70 रुपये में विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे के साथ स्पीड पोस्ट के जरिये राखी सुरक्षित और तय समय पर भेजी जा सकेगी. डाक विभाग के अनुसार इस शुल्क में 10 रुपये का विशेष वाटरप्रूफ लिफाफा, 55 रुपये स्पीड पोस्ट शुल्क और पांच रुपये अन्य व्यवस्थाओं का शुल्क शामिल है. इसके लिए गुमला प्रधान डाकघर में अलग से विशेष काउंटर बनाया गया है.
जहां राखी भेजने वालों को प्राथमिकता के साथ सेवा दी जायेगी. इस अभियान को बच्चों और छात्राओं से जोड़ने के लिए डाक विभाग शहर के विभिन्न विद्यालयों में "राखी बनाओ और भेजो " प्रतियोगिता भी आयोजित करेगा. छात्राएं अपने हाथों से राखी तैयार करेंगी और विद्यालय परिसर से ही स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपने भाइयों को भेज सकेंगी. उन्हें इसके लिए डाकघर आने की आवश्यकता नहीं होगी. प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 छात्राओं को सम्मानित भी किया जायेगा. बारिश के मौसम को देखते हुए डाक विभाग ने इस बार विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे की व्यवस्था की है. ताकि राखी रास्ते में भींगने या खराब होने से सुरक्षित रहे और भाई तक उसी स्नेह के साथ पहुंचे. जिस भावना से बहन ने उसे भेजा है.
डाक अधीक्षक ने कहा
गुमला प्रधान डाकघर के डाक अधीक्षक आशुतोष कुमार सिन्हा ने बताया कि आधुनिक तकनीक के दौर में भी राखी का भावनात्मक महत्व कम नहीं हुआ है. दूर-दराज़ रहने वाले भाइयों तक बहनों का प्यार सुरक्षित और समय पर पहुंचे, इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है. उन्होंने जिलेवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










