गुमला : रुगड़ा बेचकर जोड़े थे कॉलेज में दाखिले के पैसे, एडमिशन से एक दिन पहले चोरी, थाना पहुंच फूट-फूटकर रो पड़ी छात्रा

Author Durjay paswan|Edited by Rajneesh Anand
Updated:
विज्ञापन

सदर थाना में शिकायत करती छात्रा | Prabhat Khabar Network

गुमला में कॉलेज दाखिले के लिए पुटू बेचकर जमा किए गए 3500 रुपये चोरी हो गए. छात्रा थाने में फूट-फूटकर रो पड़ी, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन

गुमला : सपनों की कीमत कभी-कभी इतनी बड़ी होती है कि उन्हें पूरा करने के लिए संघर्ष की हर सीमा पार करनी पड़ती है. गुमला के टोटो गांव की रहने वाली सलोनी कुमारी ने भी अपने उच्च शिक्षा के सपने को पूरा करने के लिए यही रास्ता चुना था. इंटर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने के बाद वह रांची स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में बीए में नामांकन की तैयारी कर रही थी. प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे पैसों की जरूरत थी. इसलिए वह पिछले चार दिनों से गुमला के पटेल चौक पर जंगल से लाया गया पुटू (रुगड़ा) बेच रही थी.

आपके शहर में

विज्ञापन

कुल 3500 रुपये की हुई चोरी

सलोनी ने दिन-रात की मेहनत से 3500 रुपये जमा किये थे. यही उसकी नामांकन फीस और अन्य खर्च के लिए एकमात्र सहारा था. उसे शुक्रवार 10 जुलाई, को रांची जाकर नामांकन कराना था. लेकिन किस्मत ने ऐन वक्त पर ऐसा झटका दिया कि उसकी सारी मेहनत पलभर में बिखर गयी. गुरुवार को वह रोज की तरह पटेल चौक पर पुटू बेच रही थी. इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर उसके पास रखे 3500 रुपये चोरी कर लिए. जब उसे रुपये गायब होने का पता चला तो वह बदहवास हो गयी.

सदर थाने में दर्ज हुई शिकायत

रोते-बिलखते वह सीधे सदर थाना पहुंची और फूट-फूटकर रोते हुए कहने लगी. कल मेरा नामांकन है. मैंने पुटू बेचकर बड़ी मुश्किल से ये पैसे जोड़े थे. अब मैं पढ़ाई कैसे करूं. नामांकन कैसे होगा. थाने में मौजूद लोगों की आंखें भी छात्रा की व्यथा सुनकर नम हो गयी. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और प्रारंभिक जांच के आधार पर पटेल चौक के समीप रहने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी की गयी राशि बरामद करने का प्रयास कर रही है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola