किराये के मकान से वृद्ध दंपती का शव बरामद, इलाके में सनसनी

किराये के मकान से वृद्ध दंपती का शव बरामद, इलाके में सनसनी
गुमला. सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुंदुरिया स्थित एक किराये के मकान से पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध दंपती के शव बरामद किया है. घटना की सूचना मिलते इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतकों की पहचान बिरसू तिर्की (62 वर्ष) और उनकी पत्नी बिरसी तिर्की (58 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों मूल रूप से नवाडीह के निवासी थे और वर्तमान में गुमला के दुंदुरिया में किराये के मकान में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि दंपती पिछले दो दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे. 27 अप्रैल की रात करीब आठ बजे पड़ोसियों ने उन्हें आखिरी बार खाना खाकर अपने कमरे में जाते देखा था. बुधवार तक जब घर का दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर गुमला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया. अंदर दंपती मृत अवस्था में पाये गये. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है. मृतक के भांजे जितेंद्र इंदवार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी उनकी बहन सुनीता इंदवार से मिली. उन्होंने किसी पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है. परिजनों ने आशंका जतायी है कि भोजन में जहर होने से दोनों की मौत हुई हो सकती है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










