धूमधाम से हुआ नववर्ष का स्वागत, पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़

नदी-डैम किनारे व पहाड़ियों में लोगों ने मनायी पिकनिक, नागपुरी व भोजपुरी गीतों पर झूमे लोग
गुमला. गुमला जिले में नववर्ष का स्वागत धूम-धड़ाके व उत्साह से किया गया. नये साल की खुमारी में लोग नदी के किनारे, पहाड़ों की कंदराओं व जंगलों के बीच पहुंच कर जश्न मनाते नजर आये. लोगों ने अपने मनपसंद स्वादिष्ट पकवान बनाये और मिल-बैठ कर पिकनिक का आनंद लिया. सुबह ठंड जरूर थी, लेकिन नववर्ष की खुशी के आगे ठंड फीकी पड़ गयी. नागपुरी, भोजपुरी व फिल्मी गीतों की धुन पर युवक-युवतियां खूब थिरके. जिले में नववर्ष का माहौल खुशनुमा बना रहा. प्रमुख पर्यटन स्थलों नागफेनी, पालकोट के पंपापुर, गोबरसिल्ली, सुंदरीडीह, बसिया के बाघमुंडा, डुमरी के टांगीनाथ धाम, घाघरा के देवाकीधाम, सिसई के डोइसागढ़, रायडीह के हीरादह, गुमला के आंजन, सारू पहाड़, बरिसा टोंगरी समेत मरदा नदी, शंख नदी, दक्षिणी कोयल नदी, लावा लदी, बासा नदी, खटवा नदी और विभिन्न डैमों के किनारे पिकनिक मनाने वालों की भीड़ देखी गयी. पिकनिक स्पॉट लोगों से गुलजार रहे. इससे पहले बुधवार की रात 12 बजते एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया. रात के बाद मोबाइल फोन लगातार व्यस्त रहे. किसी ने संदेश के माध्यम से तो किसी ने फोन कर हैप्पी न्यू ईयर कहा. नववर्ष की बधाइयों का आदान-प्रदान सबसे अधिक व्हाट्सऐप के जरिए किया गया. इधर, देर रात बधाई देने का सिलसिला जारी रहा.
12 बजते शुरू हो गयी आतिशबाजी : शहर में बुधवार की रात जैसे 12 बजा, आतिशबाजी शुरू हो गयी. आकाश में रंग-बिरंगी फुलझड़ियां लोगों को खूब लुभा रही थी. कई लोगों ने केक काट कर नववर्ष का स्वागत किया. इसके बाद सोमवार की सुबह में नित्य क्रम के बाद सर्वप्रथम लोगों ने पूजा पाठ किये. सुबह से ही मंदिर व गिरजाघरों में घंटी बजने लगी. मस्जिद में आजान हुए. गुरुद्वारे में सिखों ने वाहेगुरु के समक्ष बैठ प्रार्थना की. गुमला के लोगों ने अपने-अपने धर्म के मुताबिक ईश्वर से नववर्ष सुखमय होने की कामना की. दिन के 10 बजे के बाद से गुमला के विभिन्न पिकनिक स्पॉटों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक देखी गयी.सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
गुमला जिले के विभिन्न पिकनिक स्पॉटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे. महिला पुलिस फोर्स भी तैनात किये गये थे. खासकर नागफेनी, मसरिया डैम, बाघमुंडा, हीरादह, मरदा नदी के समीप पुलिस फोर्स की सख्त नजर थी. नववर्ष होने के कारण पुलिस जवानों ने भी पिकनिक स्पॉट पर पकवान का मजा लिये. इसके अलावा पुलिस जवान मोटरसाइकिल से गश्ती करते नजर आये.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




