घाघरा में जहरीला प्रतिबंधित मांस खाने से दो लोगों की मौत, छह बीमार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 10 Feb 2019 6:01 PM

विज्ञापन

दुर्जय पासवान, गुमला गुमला जिला स्थित घाघरा प्रखंड के शिवसेरेंग गांव में एक ही परिवार के आठ लोगों ने शनिवार की रात जहरीला प्रतिबंधित मांस खा लिया. जिससे रविवार की सुबह दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि छह लोगों की स्थिति गंभीर है. मृतकों में नेहा तिग्गा (12 वर्ष) व एक अन्य युवक (रांची […]

विज्ञापन

दुर्जय पासवान, गुमला

गुमला जिला स्थित घाघरा प्रखंड के शिवसेरेंग गांव में एक ही परिवार के आठ लोगों ने शनिवार की रात जहरीला प्रतिबंधित मांस खा लिया. जिससे रविवार की सुबह दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि छह लोगों की स्थिति गंभीर है. मृतकों में नेहा तिग्गा (12 वर्ष) व एक अन्य युवक (रांची में मौत हुई) है. वहीं बीमार लोगों में प्यारी तिग्गा (10), पवंती तिग्गा (20), सालेन तिग्गा (45), प्रकाश तिग्गा (28), सुबोध तिग्गा (25), सुशीला तिग्गा (60) है.

सभी गंभीर सात मरीजों का प्राथमिक इलाज गुमला सदर अस्पताल में होने के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. इधर, इलाज के क्रम में नेहा तिग्गा की गुमला अस्पताल में मौत हुई थी. गुमला पुलिस को सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में कर लिया. पुलिस ने पंचनामा रिपोर्ट में आशंका प्रकट करते हुए लिखा है कि जहर मिला हुआ खाना खाने के कारण सभी लोगों की स्थिति बिगड़ी है और नेहा की मौत हो गयी. मरीजों का प्राथमिक इलाज डॉक्टर सुजान मुंडा ने किया.

हर शनिवार को बिकता है प्रतिबंधित मांस

घटना के संबंध में प्यारी तिग्गा ने बताया कि शनिवार को उसके चाचा सीसी कतरी गांव के किसी व्यक्ति से प्रतिबंधित मांस खरीद कर लाये थे. शनिवार की रात मांस व चावल खाने के बाद हम सभी सो गये थे. रात 12 बजे के बाद सभी लोगों को दस्त व उल्टी होने लगी. जिससे हम लोगों की हालत गंभीर हो गयी. रविवार की सुबह सभी को गुमला अस्पताल लाया गया. इलाज के क्रम में नेहा की मौत हो गयी. जबकि रांची में एक युवक की मौत की सूचना है.

इधर, ग्रामीणों ने बताया कि हर शनिवार को सीसी कतरी गांव का एक व्यक्ति प्रतिबंधित मांस बेचने गांव आता है. गांव के 20 परिवार के लोगों ने मांस खरीदा था. लेकिन इसमें 19 परिवार को कुछ नहीं हुआ. सिर्फ प्रकाश तिग्गा के परिवार के लोग मांस खाने से बीमार हो गये.

भोजन में जहर डाला गया था : डॉक्टर

डॉक्टर सुजान मुंडा ने कहा कि फसल में डालने वाला कीटनाशक भोजन के साथ सेवन किया गया है. जिसके बाद सभी की स्थिति खराब हुई है. नेहा के पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरे मामले का खुलासा होगा. सीएचसी घाघरा के चिकित्सक डॉक्टर अरूण साहू ने बताया कि उक्त गांव जाकर मांस व सभी चीजों की जांच की गयी. जिसमें पाया गया कि मांस में जानबूझकर किसी ने जहर मिलाया है. क्योंकि जिस मांस को खाकर वह सभी बीमार हैं. वही मांस गांव के और भी घरों में बना था. परंतु वे लोग स्वस्थ हैं. इससे स्पष्ट होता है कि उक्त मांस को पकाते समय जहर मिलाया गया था.

कहीं ये मामला प्रेम प्रसंग का तो नहीं?

प्रभात खबर के प्रतिनिधि गांव जाकर पूरे घटना की जानकारी ली. पीड़ित परिवार के घर में ताला लटका हुआ था. ग्रामीणों ने बताया कि प्रकाश तिग्गा का एक लड़की से प्रेम प्रसंग है. लड़की प्रकाश से शादी करना चाहती है. लेकिन प्रकाश अभी शादी करने को तैयार नहीं था. इसी गुस्‍से में लड़की द्वारा भोजन में जहर डालने की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि इस संबंध में परिवार के लोगों से बात नहीं हुई है.

घाघरा के थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार महतो ने कहा कि इस घटना में साजिश रची गयी है. पूरे परिवार को जहर देकर मारने की योजना थी. इसमें जो भी शामिल है. उसे जेल भेजा जायेगा. सीसी कतरी गांव के एक युवक का नाम आ रहा है. मांस को जांच के लिए भेजा जा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola