प्रशासन ने शांत कराया मामला

Published at :07 Jul 2017 10:25 AM (IST)
विज्ञापन
प्रशासन ने शांत कराया मामला

जिला व पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों से बात कर मामला शांत कराया गुमला : गुमला के सोसो मोड़ स्थित भलदम चट्टी गांव में दो समुदाय के लोग गुरुवार को अचानक आमने-सामने हो गये. दोनों समुदाय के लोगों के बीच विवाद बढ़ने से पहले प्रशासन ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाया और मामला शांत […]

विज्ञापन
जिला व पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों से बात कर मामला शांत कराया
गुमला : गुमला के सोसो मोड़ स्थित भलदम चट्टी गांव में दो समुदाय के लोग गुरुवार को अचानक आमने-सामने हो गये. दोनों समुदाय के लोगों के बीच विवाद बढ़ने से पहले प्रशासन ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाया और मामला शांत कराया. ज्ञात हो कि भलदम चट्टी में नीम के एक पेड़ से निकल रहे दूध को लेकर हिंदू धर्मावलंबी उक्त नीम पेड़ की पूजा कर रहे हैं. जिले भर से हिंदू धर्मावलंबी उक्त स्थल पर पहुंचे रहे हैं और पूजा कर रहे हैं.
स्थानीय हिंदू धर्मावलंबी उक्त स्थल पर मंदिर बनाने पर चर्चा कर रहे हैं. लेकिन जिस जमीन पर नीम का पेड़ है, उस जमीन पर लुथेरान मिशन का बोर्ड लगा हुआ है. लुथेरान मिशन के लोगों का कहना है कि उक्त जमीन लुथेरान मिशन की है. इस पर चर्च बनना है.
इस जमीन पर मंदिर नहीं बनने देंगे और न ही पूजा-पाठ होने देंगे. इसी बात को लेकर दोनों समुदायों के लोग गुरुवार की सुबह आमने-सामने हो गये. हिंदू धर्मावलंबियों के अनुसार, नीम के पेड़ की घेराबंदी की गयी थी, जिसे एक तरफ से लुथेरान मिशन के लोगों ने तोड़ दिया है. इधर, सूचना मिलते ही सदर थानेदार राकेश कुमार के नेतृत्व में गुमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयी. इसके बाद सदर सीओ महेंद्र कुमार भी पहुंचे, जहां थानेदार व सीओ ने दोनों समुदाय के लोगों से बात कर मामला शांत कराया.
15 को मापी होगी : एसडीओ
भलदम चट्टी में मामला शांत होने के बाद सदर एसडीओ कृष्ण कन्हैया राजहंस, सीओ व थानेदार ने दोनों समुदाय के लोगों के साथ गुमला थाना में बैठक की. एसडीओ ने कहा कि बात धार्मिक आस्था की है, लेकिन उसमें जमीन का विवाद है.
इसलिए 10 जुलाई तक जमीन का कागज सीओ के यहां जमा करें. 15 जुलाई को जमीन की मापी होगी. एसडीओ ने कहा कि जमीन यदि सरकारी है और मंदिर निर्माण कराना हो अथवा कुछ और तो प्रशासन के पास आइये. जमीन यदि रैयती है, तो उसमें जबरदस्ती न करें. सुलह-समझौता कर शांति व्यवस्था बनाये रखें. प्रशासन को किसी प्रकार की कार्रवाई करने के लिए मजबूर न करें. जमीन की मापी होने तक कोई भी समुदाय उक्त स्थल पर किसी प्रकार का स्थायी निर्माण नहीं करेगा. बैठक में शिबू गोप, विनय सिंह, धरमु गोप, मृत्युंजय कुमार, प्रवीण बाड़ा, किशोर सिंह, किरण मिंज, मेलप्रकाश टोप्पो, निस्तार कुजूर, प्रदीप बखला, विपत केरकेट्टा, अनिल मिश्रा व जहरू गोप सहित अन्य उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola