गोड्डा में बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर ग्लैमर बाइक से घर लौट रहा युवक हादसे का शिकार
गोड्डा जिला मुख्यालय के समीप स्थित बायो डायवर्सिटी पार्क के पास सोमवार देर शाम दो बाइकों के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के भतडीहा गांव निवासी 24 वर्षीय हृदय पांड्या (पिता-पुरन मंडल) के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक पुनसिया गांव निवासी 22 वर्षीय राहुल मंडल (पिता – मुकेश मंडल) हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार हृदय पांड्या अपने एक रिश्तेदार की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान बायो डायवर्सिटी पार्क के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. चश्मदीदों के अनुसार दूसरी बाइक गलत साइड से आ रही थी, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल गोड्डा पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के दौरान हृदय पांड्या की मौत हो गयी, जबकि राहुल मंडल का इलाज जारी है. हृदय पांड्या अविवाहित था और अपने पीछे माता-पिता व एक छोटी बहन छोड़ गया.
तनावपूर्ण माहौल में घायल के परिजन अस्पताल से खिसके
घटना के बाद अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों का करुण क्रंदन और गम देखकर माहौल तनावपूर्ण हो गया. वहीं, घायल राहुल मंडल के परिजन किसी अनहोनी के डर से अस्पताल से चुपचाप चले गये. पुलिस ने मामले की सूचना प्राप्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




