बोआरीजोर में पिकअप वाहन सड़क से उतरने से दो घायल

सड़क किनारे वृक्ष ने टाली बड़ी दुर्घटना, शादी समारोह से लौट रहे थे सभी
बोआरीजोर थाना क्षेत्र के बोरियों-बोआरीजोर मुख्य मार्ग के आसानबना गांव के पास पिकअप वाहन असंतुलित होकर सड़क से उतर गया. इस दुर्घटना में वाहन में सवार पटिया देवी (35 वर्ष) ग्राम मोतीझील और निशा कुमारी (15 वर्ष) ग्राम खेरा घायल हो गयी. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सुनील कुमार किस्कू ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया. पटिया देवी बेहोशी की हालत में हैं और उनका इलाज चल रहा है, जबकि निशा कुमारी के सिर पर चोट लगी है और उनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया है. दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है. थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव ने बताया कि पिकअप वाहन बोरियों की ओर से आ रहा था और चालक को नींद आने के कारण वाहन असंतुलित होकर सड़क से नीचे उतर गया. हालांकि सड़क के किनारे लगे वृक्ष के सहारे गाड़ी रुक गयी, अन्यथा वाहन 200 फीट गहरे गड्ढे में गिर सकता था, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. उन्होंने बताया कि वाहन में लगभग 12 लोग सवार थे, जो सभी शादी समारोह से लौट रहे थे. पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




