संवेदक की लापरवाही ने शांति नगर तालाब को बनाया कूड़ेदान, 53 लाख का सौंदर्यीकरण अधर में

Updated at : 08 Apr 2026 11:01 PM (IST)
विज्ञापन
संवेदक की लापरवाही ने शांति नगर तालाब को बनाया कूड़ेदान, 53 लाख का सौंदर्यीकरण अधर में

वार्ड 13 का तालाब गंदगी का केंद्र बन गया, आम लोगों ने जतायी नाराजगी

विज्ञापन

गोड्डा नगर परिषद के वार्ड संख्या 13 के शांति नगर मुहल्ले में स्थित तालाब का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण योजना संवेदक की घोर लापरवाही के कारण ठप पड़ गया है. जिस तालाब को मोहल्ले की शोभा बढ़ाने और एक आकर्षक स्थल बनाने के उद्देश्य से विकसित किया जाना था, वह आज नगर परिषद और ठेकेदार की उदासीनता के कारण गंदगी और कचरे का केंद्र बन गया है. वार्ड पार्षद प्रियंका सिन्हा ने बताया कि तालाब की खुदाई और सर्वांगीण सौंदर्यीकरण के लिए 53 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गयी थी. इस राशि का उद्देश्य तालाब की सफाई, बाउंड्री वॉल निर्माण और चारों ओर पेवर ब्लॉक लगाकर इसे एक सुंदर स्थल के रूप में विकसित करना था. उन्होंने कहा कि राशि आवंटित होने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद संवेदक की मनमानी के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है. यह सीधे तौर पर जनता के पैसे और उनकी सुविधाओं के साथ खिलवाड़ है. स्थानीय लोग जैसे मतीष झा, रौशन ठाकुर, प्रिंस झा, उमा साह, गोपाल दुबे, मनोहर ठाकुर आदि का कहना है कि वे तालाब के सौंदर्यीकरण की उम्मीद में लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति और बदतर हो चुकी है. तालाब जलकुंभी से भरा हुआ है और देखरेख की कमी के कारण लोग यहां कचरा फेंक रहे हैं. तालाब में जमा गंदगी और बदबू के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. इसके अलावा, तालाब के खाली और खराब पड़े हिस्सों में अतिक्रमण की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं.

प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल

मोहल्ले वासियों ने सवाल उठाया है कि जब बजट पास हो चुका है, तो विभाग संवेदक पर कार्य शुरू करने का दबाव क्यों नहीं डाल रहा. उन्होंने चेतावनी दिया है कि यदि खुदाई और निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन पर मजबूर होंगे.

वार्ड 13 में जलजमाव से निपटने नगर परिषद को पत्र सौंपा

गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 की पार्षद प्रियंका सिन्हा ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए सक्रिय कदम उठाये हैं. बुधवार को उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को एक आवेदन सौंपकर क्षेत्र के मुख्य नालों की अविलंब सफाई कराने की मांग की. प्रियंका सिन्हा ने अपने पत्र में बताया कि वार्ड 13 के अंतर्गत आने वाले छोटे-बड़े नालों और शांति नगर तालाब से निकलने वाले मुख्य नाले की स्थिति अत्यंत दयनीय है. यह नाला वार्ड 10, जायसवाल फील्ड, भंगा खाड़ी जैसे प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरता है. वर्षा ऋतु में नाला जाम होने के कारण इन वार्डों के दर्जनों घरों में पानी घुस जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. प्रियंका सिन्हा ने पत्र में नाराजगी जताते हुए कहा कि इस समस्या के संबंध में कई बार मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन अब तक सफाई का कार्य शुरू नहीं हो सका है.उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कर्मियों को तत्काल नाला सफाई का आदेश जारी किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में जलजमाव की समस्या से स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।

विज्ञापन
SANJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJEET KUMAR

SANJEET KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola