बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी ने झोंकी पूरी ताकत, 13 दिनों में तीसरी बार पटना पहुंचे नितिन नवीन, 2 दिन करेंगे मंथन

Updated:
विज्ञापन
nitin nabin in patna

पटना पहुंचे नितिन नबीन

Bankipur By Election: बांकीपुर उपचुनाव से पहले भाजपा ने चुनावी तैयारी तेज कर दी है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे हैं, जहां वे नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति बनाएंगे. छात्र आंदोलन और संगठनात्मक मुद्दों पर भी मंथन होने की संभावना है.

विज्ञापन

Bankipur By Election: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे. एयरपोर्ट पर बिहार बीजेपी चीफ संजय सरावगी और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद वे पार्टी नेताओं और विधायकों के साथ बैठकों में शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इन बैठकों में बांकीपुर उपचुनाव और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा होगी.

बांकीपुर उपचुनाव से पहले यह तीसरा दौरा

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद नितिन नवीन का यह तीसरा बिहार दौरा है. इससे पहले वे 13 जुलाई और 18 जुलाई को भी पटना आए थे. दोनों दौरों में उन्होंने लगातार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की थीं. अब एक बार फिर उनका पटना आना साफ संकेत देता है कि भाजपा इस सीट को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती.

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा. वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी. नितिन नवीन मतदान के दिन भी पटना पहुंचेंगे और अपना वोट डालेंगे. ऐसे में चुनाव से पहले उनकी मौजूदगी को संगठन के लिए अहम माना जा रहा है.

बीजेपी को क्यों बदलना पड़ा उम्मीदवार?

नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई. पहले भाजपा ने अभिषेक कुमार 'बंटी' को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में पार्टी ने फैसला बदलते हुए नीरज सिन्हा को मैदान में उतार दिया. अब नीरज सिन्हा भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार हैं.

बांकीपुर में मुकाबला कितना दिलचस्प?

बांकीपुर में इस बार मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा है. भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के सामने जन सुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा देवी चुनाव मैदान में हैं. खासकर प्रशांत किशोर लगातार चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं और स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की शिक्षा और राजनीतिक पृष्ठभूमि को भी चुनावी मुद्दा बना रहे हैं.

13 और 18 जुलाई के दौरे में क्या हुआ था?

13 जुलाई को नितिन नवीन पटना पहुंचे थे. उसी दिन भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया था. अगले दो दिनों तक उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं और चुनाव जीतने की रणनीति पर चर्चा की.

इसके बाद 18 जुलाई को वे फिर पटना आए. इस दौरान भी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर दिया गया. पार्टी नेतृत्व ने साफ संदेश दिया कि बांकीपुर की सीट हर हाल में भाजपा के पास ही रहनी चाहिए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

इस बार किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे में नितिन नवीन पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे. छात्र आंदोलन की स्थिति की भी समीक्षा हो सकती है. साथ ही सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भी उनके शामिल होने की संभावना है.

क्यों अहम है यह दौरा?

बांकीपुर भाजपा का पारंपरिक गढ़ रहा है. ऐसे में पार्टी इस सीट पर कोई चूक नहीं चाहती. लगातार तीसरी बार नितिन नवीन का पटना आना यही संकेत देता है कि भाजपा उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई मानकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है.

Also Read: बिहार बंद: तिरंगा लेकर प्रदर्शन में पहुंचे तेजप्रताप यादव, पटना में मोबाइल टावर पर चढ़े छात्र, SDM ने लाठीचार्ज का दिया आदेश



विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन